- महर्षि वाल्मीकि जयंती पर निकाली शोभा यात्रा, जगह-जगह लगाए गए भंडारे, हजारों ने चखा प्रसाद
Jind News(आज समाज नेटवर्क)जींद। जिलाभर में मंगलवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती श्रद्धा के साथ मनाई गई। नरवाना में हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने महर्षि वाल्मीकि जयंती पर नरवाना में निकाली गई शोभायात्रा को झंडी दिखा कर रवाना किया। यह शोभायात्रा वाल्मीकि युवा संस्था के तत्वावधान में निकाली गई। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि शोभा यात्रा का मुख्य उद्देश्य महर्षि वाल्मीकि के संदेश, शिक्षा तथा सिद्धांत को आम जन तक पहुंचाना है। मंत्री बेदी ने कहा कि समानता और भाईचारा के समन्वय से सभ्य समाज का निर्माण होता है और राष्ट्र की प्रगति को भी नई दिशा मिलती है।
लिहाजा हमें सर्वसमाज तथा सर्व सम्मान के सिद्धांत को जीवन में आत्मसात कर आगे बढना चाहिए। कार्यक्रम में आयोजन समिति सदस्यों द्वारा कैबिनेट मंत्री का पगड़ी तथा सरोपा भेंट कर स्वागत किया। शोभायात्रा नरवाना के चोपड़ा पत्ती वाल्मीकि मोहल्ला स्थित वाल्मीकि मंदिर से शुरू हुई जो पंजाबी चौक, अपोलो चौक तथा रेलवे स्टेशन से होती हुई शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी। शोभायात्रा में कई सुंदर सुंदर झांकियां भी निकाली गई। उधर, श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह भंडारे लगाए गए। जिनमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
रामायण एक महाकाव्य है जो कि राम के जीवन के माध्यम से हमे जीवन के सत्य और कर्तव्य से परिचित कराता हैं
इसके बाद बाजार में शोभा यात्रा भी निकाली गई। शोभा यात्रा के दौरान विभिन्न तरह की झांकियां भी दर्शाई गई। ढोल नगाड़ों के साथ नाच गा कर जयंती को मनाया। शोभायात्रा में वाल्मिकी समाज द्वारा तरह-तरह की झांकिया निकाली गई थी। कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि महर्षि वाल्मीकि संतों के संत थे। वे आदिकवि के रूप में प्रसिद्ध थे। उन्होंने संस्कृत भाषा में रामायण की रचना की थी। रामायण एक महाकाव्य है जो कि राम के जीवन के माध्यम से हमे जीवन के सत्य और कर्तव्य से परिचित कराता हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपने बच्चों को उनके महर्षि वाल्मीकि के दिखाए गए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करना चाहिए। ताकि भविष्य में युवा पिढ़ी भी महर्षि वाल्मिकी को याद कर सके।