Monsoon Live: उत्तर भारत से पूर्वोत्तर तक लगातार बारिश, बाढ़ व भूस्खलन से आम जनजीवन बाधित

0
48

Monsoon Live Today Update, (आज समाज), नई दिल्ली: उत्तर भारत के पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों व पूर्वोत्तर में भी मानसून के कहर का सिलसिला जारी है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) सहित अधिकतर राज्यों में लगातार बारिश जारी है और बाढ़ का डर बना हुआ है। कई नदियां उफान पर हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश में भी कांगड़ा, मंडी व अन्य जिलों में बीते तीन दिन से लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के कारण आम जनजीवन बाधित है। राजस्थान में बीते कुछ दिन से निरंतर बारिश हो रही है।

राजस्थान में बारिश का अलर्ट, कुछ जगह स्कूल बंद

लगातार बारिश राजस्थान के कई जिलों में बाढ़ आ गई है। आज भी राज्य के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया है कि राजधानी जयपुर के अलावा दौसा व अलवर सहित लगभग 10 जिलों में स्कूल आज एहतियात के तौर पर बंद रखे गए हैं। पूर्वोत्तर राज्य अरुणाचल प्रदेश के पश्चिम कामेंग जिले में एक जगह पर भूस्खलन हुआ है। सोमवार को पहाड़ी से पत्थरों के बड़े-बड़े टुकड़े पर्यटकों के वाहनों पर गिरे थे।

हिमाचल : मनाली-लेह एनएच का बड़ा हिस्सा ब्यास में बहा

सूत्रों के अनुसार हिमाचल में बारिश की वजह से कई जगह लैंडस्लाइड के चलते 700 से अधिक सड़कें बंद हैं। मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग का बड़ा हिस्सा आज ब्यास नदी में बह गया। मनाली में हुई इस घटना के बाद इस मार्ग पर यातायात ठप हो गया है। इसके अलावा मनाली में कुछ दुकानें व एक रेस्त्रां भी ब्यास में बह गया है। मंडी जिले में दो इमारतें गिर गर्इं। बताया जा रहा है कि इस बिल्डिंग में 35 से ज्यादा दुकानों चल रही थीं।

जम्मू-कश्मीर में भी हाल बेहाल

केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के कारण हाल बेहाल हैं। भारी बारिश, भूस्खलन व बर्षाजनित अन्य घटनाओं के चलते कई जगह जल आपूर्ति बाधित हो गई है। कई सड़कें और रेल मार्ग बंद हैं। भूस्खलन के बाद जम्मू-श्रीनगर एनएच को बंद कर दिया गया है। रामबन जिले के बैटरी चश्मा, डिगडोल व केला मोड़ पर भूस्खलन हुआ है जिसके बाद जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।

दिल्ली में यमुना का जलस्तार खतरे से निशान से पार

देश की राजधानी दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान को पार कर गई है। अधिकारियों के अनुसार आज सुबह पुराने रेलवे पुल पर यमुना 204.50 मीटर के खतरे के निशान को पार कर गई। सुबह 9 बजे नदी का जलस्तर 204.58 मीटर दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और पूर्वानुमान के अनुसार यमुना के जलस्तर में वृद्धि जारी रहेगी। इसी को देखते हुए सभी संबंधित एजेंसियों को बाढ़ जैसी हालात से निपटने के लिए एहतियाती कदम उठाने को कहा गया है।

हरियाणा : 20 जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी

हरियाणा में भी दो दिन से भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज के लिए राज्य सभी जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया। यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में आरेंज व बाकी शेष 20 जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।  अंबाला में भारी बारिश से सड़कें जलमग्न हो गईं और बाजार जलमग्न हो गए। शहर में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है।

ये भी पढ़ें : Manimahesh Yatra : मणिमहेश यात्रा के दौरान ऑक्सीजन की कमी, तीन की मौत