Jind News : पुलिस लाइन में डी लेवल मीटिंग और सहभोज का आयोजन

0
78
Jind News : पुलिस लाइन में डी लेवल मीटिंग और सहभोज का आयोजन
पुलिसकर्मियों के साथ खाना खाते हुए एसपी कुलदीप सिंह।
  • बैठक का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को रहा जानना

Jind News(आज समाज) जींद। पुलिस लाइन में रविवार को पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह द्वारा डी लेवल की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिले के सभी थाना प्रबंधक व विभिन्न शाखाओं में नियुक्त पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं,  कार्य प्रणाली, फील्ड चुनौतियों व आवश्यकताओं को समझना तथा उनका यथासंभव तुरंत समाधान सुनिश्चित करना था।

पुलिस कर्मी संगठन की रीढ़

बैठक के दौरान पुलिस कर्मियों ने अपने-अपने थानों व ड्यूटी क्षेत्रों से संबंधित विषयों को पुलिस अधीक्षक के समक्ष विस्तारपूर्वक रखा। एसपी ने सभी मुद्दों को ध्यानपूर्वक सुन कर संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निवारण हेतु स्पष्ट व समयबद्ध निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मी संगठन की रीढ़ हैं। उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान और उनका मनोबल उच्च रखना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सिंह, उप पुलिस अधीक्षक सफीदों गौरव शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक उचाना संजय कुमार, उप पुलिस अधीक्षक जींद संदीप कुमार व उप पुलिस अधीक्षक नरवाना कमलदीप राणा सहित सभी थाना प्रबंधक व संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

भाईचारे और एकता को बढ़ावा

बैठक के पश्चात पुलिस लाइन जींद में सामूहिक भोजन (बड़ा खाना) का भी आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न थानों, पुलिस चौकियों, ईआरवी, नाकों,  राइडर, पुलिस लाइन, पुलिस अधीक्षक कार्यालय  तथा अन्य स्थानों पर  तैनात पुलिस कर्मियों ने सहभोज में भाग लिया। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह सहित सभी पर्यवेक्षक अधिकारियों ने स्वयं कर्मचारियों को भोजन परोसा।

उनके साथ बैठकर भोजन किया व आपसी आत्मीय संवाद के माध्यम से उनका हालचाल जाना। इस अनुठी  पहल का मूल उद्देश्य कार्यस्थल पर सौहार्द, आत्मीयता, एकता और सकारात्मक माहौल को सुदृढ़ करना है। एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि पुलिस फोर्स केवल कानून व्यवस्था की संस्था ही नहं बल्कि एक परिवार भी है तथा  परिवार में सहभागिता, संवाद और भावनात्मक जुड़ाव अत्यंत आवश्यक है।

यह भी पढे : Jind News : एक माह से चल रहे विष्णु महायज्ञ में श्रद्धालुओं ने डाली पूर्णाहुति