Punjab Breaking News : पंजाब में हर उद्योग के लिए अपार संभावनाएं : मान

0
65
Punjab Breaking News : पंजाब में हर उद्योग के लिए अपार संभावनाएं : मान
Punjab Breaking News : पंजाब में हर उद्योग के लिए अपार संभावनाएं : मान

मुख्यमंत्री ने उद्योग जगत के दिग्गजों को दिया पंजाब में निवेश का आमंत्रण, कहा, पंजाब मनोरंजन और पर्यटन उद्योग को बड़ा प्रोत्साहन देने के लिए पूरी तरह तैयार है

Punjab Breaking News (आज समाज), नई दिल्ली/चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब राज्य अपनी उद्योग-हितैषी नीतियों और अनुकूल व्यापारिक माहौल के कारण अब दुनिया भर में सबसे पसंदीदा स्थान के रूप में उभरा है। नई दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान उद्योगपतियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगपति अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं क्योंकि वे कई परिवारों को रोजगार देते हैं। उन्होंने कहा कि कई प्रमुख उद्योगपतियों ने राज्य में निवेश और अपने व्यवसाय का विस्तार किया है क्योंकि पंजाब में मौजूद अपार संभावनाएं उन्हें निवेश के लिए अनुकूल माहौल प्रदान करती हैं और व्यवसाय को प्रफुल्लित करने में मदद करती हैं।

देश की जीडीपी में पंजाब का विशेष योगदान

भगवंत सिंह मान ने कहा कि भारत की कुल भूमि का केवल 1.5 प्रतिशत होने के बावजूद, पंजाब आज देश के कुल जीडीपी में 3 प्रतिशत योगदान देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पवित्र भूमि के मेहनती और साहसी लोगों ने दुनिया भर में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि पंजाब महान गुरुओं, संतों और पैगंबरों की भूमि है और पंजाब की उपजाऊ धरती पर कुछ भी उग सकता है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि भले ही कठिन समय ने राज्य के उद्योगों को बड़ा झटका दिया था, फिर यह पुन: सृजित हुआ और अच्छी तरह से विकसित हुआ।

पंजाब हर क्षेत्र में हमेशा अग्रणी रहा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब वीडियो और फिल्मों की शूटिंग के लिए उपयुक्त माहौल प्रदान करता है और यह हर क्षेत्र में अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पंजाब में एक फिल्म सिटी की योजना बना रही है क्योंकि यहां फिल्म उद्योग के लिए बड़ी संभावनाएं हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह क्षेत्र कई प्राकृतिक और सुंदर दृश्यों से भरपूर है।मुख्यमंत्री ने कहा कि आम तौर पर देश में और खासकर पंजाब में मनोरंजन के बुनियादी ढांचे की कमी है जिससे मनोरंजन उद्योग संघर्ष कर रहा है और अब राज्य सरकार इस ओर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि पवित्र शहर अमृतसर में एक और क्रिकेट स्टेडियम बन रहा है जो खेल उद्योग को बड़ा प्रोत्साहन देगा।