Punjab CM News : पंजाब के खेल ढांचे को करेंगे विकसित : मान

0
76
Punjab CM News : पंजाब के खेल ढांचे का करेंगे विकसित : मान
Punjab CM News : पंजाब के खेल ढांचे का करेंगे विकसित : मान

पूर्ववर्ती सरकारों ने प्रदेश के लिए कोई ठोस नीति नहीं बनाई, जिसके चलते प्रदेश खेलों के क्षेत्र में पिछड़ गया

Punjab CM News (आज समाज), बठिंडा : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब के खेलों में पिछड़ने के पीछे पूर्ववर्ती सरकारों की खराब खेल नीति को जिम्मेदार ठहराया है। मान ने कहा कि पहले खेलों के क्षेत्र में बुनियादी ढांचा न के बराबर था, लेकिन अब आधुनिक खेल मैदान बनाए जा रहे हैं। पंजाब सीएम बठिंडा कालझरानी में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि सरकार आने वाले समय में प्रदेश में 3100 नए स्टेडियम बनाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब ने खेलों में बड़ा योगदान दिया है। जब भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर तिरंगा लहराता है, तो यह पूरे देश के लिए गर्व की बात होती है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में चार राष्ट्रीय टीमों की कप्तानी पंजाबियों के पास है, जिनमें हरमनप्रीत कौर, शुभमन गिल और हरमनप्रीत सिंह शामिल हैं।

भारतीय हॉकी टीम में पंजाब के नौ खिलाड़ी

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज नौ पंजाबी खिलाड़ी राष्ट्रीय हॉकी टीम का हिस्सा हैं। यह पंजाब के शानदार प्रदर्शन का प्रमाण है। अब राज्य में इतना बड़ा खेल बुनियादी ढांचा तैयार हुआ है कि एक ही परिवार की तीन पीढ़ियां खेडां वतन पंजाब दियां में भाग ले रही हैं। सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक विजेताओं को एक करोड़ रुपए, रजत विजेताओं को 75 लाख और कांस्य विजेताओं को 50 लाख रुपए देती है। उन्होंने कहा कि अब खिलाड़ियों को नकद इनाम तुरंत दिया जाता है। उदाहरण देते हुए बताया कि भारतीय हॉकी टीम के प्रत्येक पंजाबी खिलाड़ी को पदक जीतने पर एक-एक करोड़ रुपये दिए गए ताकि अन्य युवा भी प्रेरित हों।भगवंत सिंह मान ने कहा कि पहले खिलाड़ियों को पैसों के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था परंतु अब नगद इनाम तुरंत दिए जा रहे हैं।

300 कोच किए गए नियुक्त

मुख्य मंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि मौजूदा सरकार ने 300 कोच नियुक्त किए हैं और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों को आठ लाख रुपये प्रदान किए जाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं, इसलिए सरकार उन्हें प्रशिक्षित कर भविष्य के उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार कर रही है। खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देंगे और नशे से दूर रखेंगे। उन्होंने दोहराया कि जो लोग नशे के माध्यम से युवाओं को बरबाद कर रहे हैं, उन्हें किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा।

ये भी पढ़ें : Jalandhar Crime News : 2.5 किलो विस्फोटक सहित दो आतंकी काबू