दिन के तापमान में भी आई गिरावट, 5.5 डिग्री गिरा पारा
Haryana Weather, (आज समाज), चंडीगढ़: हरियाणा में ठंड ने असर दिखना शुरू कर दिया है। पहले सुबह और शाम के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही थी। अब दिन के तापमान में गिरावट होने लगी है। नारनौल में एक ही दिन में 5.5 डिग्री तक पारा गिरा है। हिसार का तापमान भी सामान्य से 1.9 डिग्री कम रहा।
नारनौल में दिन का तापमान 22.8 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। राज्य के कई हिस्सों में सुबह के समय कोहरा और हल्की धुंध देखी गई है।
आंशिक बादलवाई रहने की संभावना
वहीं चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 28 नवंबर तक खुश्क रहने की संभावना है। आज से 2 दिन 28 नवंबर को बीच-बीच में आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है। इससे दिन के तापमान में कमी आएगी।
पहाड़ों की तरफ से आ रही हवाओं के कारण गिर रहा तापमान
हरियाणा में पहाड़ों की तरफ से आ रही हवाओं से न्यूनतम तापमान में भी 4.2 डिग्री तक की गिरावट देखने को मिली है। नारनौल में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री दर्ज किया गया है, जो सीजन में अब तक सबसे कम तापमान रहा। सिरसा और महेंद्रगढ़ में भी 6 डिग्री से कम तापमान दर्ज किया गया है। हिसार में 6.6 डिग्री हो गया है। करनाल, कैथल, जींद, सोनीपत, भिवानी, पंचकूला और पानीपत में 8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।
अंबाला का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंचा
वहीं अंबाला में पहली बार तापमान 10 डिग्री से नीचे आया है। यहां पारा 9.7 डिग्री दर्ज किया गया है। इसके अलावा यमुनानगर में दिन का तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सबसे कम रहा।
ये भी पढ़ें: हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर हड़ताल पर, 2 घंटे बंद रहेंगी ओपीडी


