
- श्रद्धेय मल्होत्रा जी के सम्मान में बुधवार रहेगा राजकीय शोक: सीएम रेखा गुप्ता
- प्रो. मल्होत्रा दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष व दिल्ली के पहले मुख्य कार्यकारी पार्षद थे
Vijay Kumar Malhotra Passes Away | आज समाज नेटवर्क । नई दिल्ली । दिल्ली सरकार ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, दिल्ली के प्रथम मुख्य कार्यकारी पार्षद व दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा के निधन पर एक दिन (बुधवार) के राजकीय शोक की घोषणा की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रो. मल्होत्रा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और कहा कि उनका निधन अत्यंत पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा उनका अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने उनके निवास पर जाकर श्रद्धेय मल्होत्रा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनका निधन अत्यंत पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के सांसद व विधायक भी रहे श्रद्धेय विजय कुमार मल्होत्रा जी भारतीय जनसंघ और भाजपा की प्रथम पंक्ति के योद्धा थे। उन्होंने न केवल दिल्ली की राजनीति को दिशा दी, बल्कि एक सच्चे जनसेवक के रूप में जनसेवा के नए मानक स्थापित किए। दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संगठन की नींव को मजबूत किया और असंख्य कार्यकर्ताओं को सेवा, अनुशासन और समर्पण का मार्ग दिखाया।
प्रो. मल्होत्रा का जीवन जनसेवा, सादगी और अनुशासन से भरपूर रहा: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मल्होत्रा जी का जीवन राष्ट्रनिष्ठा, संगठन कौशल और सादगी का जीता-जागता उदाहरण रहा। वह हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए पितृ-तुल्य मार्गदर्शक थे। उनका नि:स्वार्थ और समर्पित जीवन हमेशा हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धेय मल्होत्रा जी का जाना न केवल भाजपा परिवार के लिए, बल्कि दिल्ली के सामाजिक और राजनीतिक जीवन के लिए भी एक गहरी शून्यता छोड़ गया है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवारजनों तथा कार्यकर्ताओं को यह असहनीय दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
Bihar Final Voter List : बिहार में SIR की फाइनल लिस्ट जारी