
Swami Gyananand Maharaj, (आज समाज), कुरुक्षेत्र : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में 15 नवम्बर से 10वां अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव चल रहा है, ये महोत्सव 5 दिसंबर तक चलेगा और 21 दिन तक चलने वाले इस गीता महोत्सव में 25 नवंबर को पीएम मोदी शिरकत कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने से महोत्सव की भव्यता बढ़ेगी। स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि गीता जयंती महोत्सव में 50 देश जुड़ेंगे।
श्लोकोच्चारण में 21 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे
सभी देशों में कार्यक्रमों का आयोजन करने की तैयारियां की जा रही है और श्लोकोच्चारण में 21 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद ने कहा कि 24 नवंबर को मुख्य कार्यक्रमों के साथ अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के मुख्य भाव शुरू होंगे। 24 नवम्बर से गीता सेमिनार आयोजित किया जाएगा, जिसमें अलग अलग देशों के संत महात्मा व शोधकर्ता भाग लेंगे, जो अलग अलग विषयों पर किए गए मंथन, चिंतन और शोध पत्रों को प्रस्तुत करेंगे। इसी दिन गीता महायज्ञ किया जाएगा और एक भव्य सेमिनार भी आयोजित किया जाएगा।
30 नवंबर को उपराष्ट्रपति ब्रह्मसरोवर पर पहुंचेंगे
इसी प्रकार 26 नवम्बर को श्रीमद्भगवद्गीता कथा का आयोजन किया जाएगा। इसी तरह 30 नवंबर को उपराष्ट्रपति ब्रह्मसरोवर पर पहुंचेंगे। गीता महोत्सव में हरियाणा की संस्कृति, ज्ञान और आध्यात्मिकता का संगम देखने को मिल रहा है। महाभारत काल में युद्ध के दौरान भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन को गीता का उपदेश दिया था। माना जा रहा है कि इसे 5,163 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसी उपलक्ष्य में 15 नवंबर से कुरुक्षेत्र में 10वें अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जो 5 दिसंबर तक चलेगा। उल्लेखनीय है कि पहली बार ये महोत्सव 21 दिन के लिए आयोजित किया जा रहा है। इस बार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में पार्टनर स्टेट मध्य प्रदेश है।
ये भी पढ़ें: Bihar New CM : Nitish Kumar चुने गए एनडीए विधायक दल के नेता, नीतीश के सिर पर 10 वीं बार सजेगा ‘सीएम’ का ताज

