
जीवन में सुख-शांति और धन का होगा आगमन
Sharad Purnima Upaay, (आज समाज), नई दिल्ली: शरद पूर्णिमा का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। इस दिन मां लक्ष्मी की पूजा-आराधना करने से घर में सुख-समृद्धि और धन की वृद्धि होती है। मान्यता है कि इस रात देवी लक्ष्मी धरती पर आती हैं और जागते हुए, श्रद्धा से पूजा करने वालों को आशीर्वाद देती हैं। इस वजह से इस दिन लोग खास उपाय करते हैं ताकि माता की कृपा बनी रहे और जीवन में कभी धन की कमी न हो।
अगर आप श्रद्धा और विश्वास के साथ ये पांच आसान उपाय करते हैं तो मां लक्ष्मी की कृपा हमेशा आपके घर पर बनी रहती है। चंद्रमा की शीतल रोशनी, खीर का प्रसाद और मां लक्ष्मी की पूजा मिलकर जीवन को सुख, शांति और धन से भर देते हैं।
अपनी सोलह कलाओं के साथ चमकता है चांद
शरद पूर्णिमा की रात चांद अपनी सोलह कलाओं के साथ चमकता है और उसकी रोशनी को अमृत तुल्य माना जाता है, अगर सही विधि से पूजा की जाए और कुछ खास उपाय किए जाएं तो जीवन में सुख, शांति और वैभव का वास होता है।
चंद्रमा को अर्घ्य दें
शरद पूर्णिमा की रात चंद्रमा को अर्घ्य देने की परंपरा बहुत पुरानी है। इसके लिए एक कलश या तांबे के लोटे में स्वच्छ पानी भरें, उसमें चावल, फूल और सफेद कपड़ा डालें और चंद्रमा की ओर मुख करके अर्पित करें। माना जाता है कि ऐसा करने से चंद्र देव की कृपा मिलती है और घर में शांति, धन और सुख का वास होता है। साथ ही मानसिक तनाव भी कम होता है।
पान के पत्ते पर सुपारी और लौंग रखकर करें अर्पित
मां लक्ष्मी को पान के पत्ते बेहद प्रिय माने जाते हैं। इस दिन पान के पत्ते पर सुपारी और लौंग रखकर माता को अर्पित करना बहुत शुभ होता है। ऐसा करने से धन के नए रास्ते खुलते हैं और आर्थिक तंगी दूर होती है। खासतौर पर व्यापार और नौकरी करने वाले लोगों को यह उपाय जरूर करना चाहिए, इससे आय के नए अवसर मिलने लगते हैं।
चांदनी में खीर रखें
शरद पूर्णिमा का सबसे खास उपाय खीर से जुड़ा है। इस रात खीर को खुले आसमान में चांदनी की रोशनी में रखा जाता है। मान्यता है कि चंद्रमा की किरणें खीर को अमृत जैसा बना देती हैं। अगले दिन सुबह इस खीर को परिवार के साथ प्रसाद के रूप में ग्रहण करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और सेहत भी अच्छी रहती है।
मां लक्ष्मी को लाल वस्त्र चढ़ाएं
लाल रंग हमेशा से मां लक्ष्मी का प्रतीक माना गया है। शरद पूर्णिमा की रात माता को लाल वस्त्र अर्पित करना बेहद शुभ होता है। इससे देवी प्रसन्न होकर अपने भक्तों पर धन-धान्य की वर्षा करती हैं। जो लाल कपड़ा आप चढ़ाते हैं, उसे बाद में संभालकर रखना चाहिए और खास अवसरों पर प्रयोग करना चाहिए।
तुलसी की पूजा करें
तुलसी को देवी लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है। शरद पूर्णिमा के दिन तुलसी के पौधे की विशेष पूजा करनी चाहिए। तुलसी के पत्ते भगवान श्रीकृष्ण को अर्पित करें और दीपक जलाएं। इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है और जीवन में सुख-शांति का वास होता है।
ये भी पढ़ें : दुर्गा अष्टमी के दिन राशि अनुसार करें ये उपाय, मां दुर्गा होंगी प्रसन्न