Punjab CM News : विपक्षी दल बदला लेने के लिए सत्ता हथियाना चाह रहे : मान

0
62
Punjab CM News : विपक्षी दल बदला लेने के लिए सत्ता हथियाना चाह रहे : मान
Punjab CM News : विपक्षी दल बदला लेने के लिए सत्ता हथियाना चाह रहे : मान

कहा, शिअद ने अपने निजी हितों के लिए खर्च किया गुरुद्वारा साहिब की गोलक का पैसा

Punjab CM News  (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज यहां कहा कि विपक्षी नेता लोगों की सेवा करने के बजाय केवल अपने निजी हितों की पूर्ति और बदला लेने के उद्देश्य से सत्ता में आना चाहते हैं। यहां रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को जनता को समर्पित करने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी नेता राज्य की सेवा करने के बजाय हमारी विभिन्न जन-हितैषी पहलों के लिए हमें सबक सिखाने के उद्देश्य से सत्ता में वापसी की बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन नेताओं के पास राज्य या इसके लोगों के लिए कोई दृष्टिकोण नहीं है, बल्कि वे केवल आम आदमी की आवाज को दबाने के लिए सत्ता हथियाना चाहते हैं।

पूर्ववर्ती सरकारों ने प्रदेश का खजाना लूटा

भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन नेताओं ने अपने निजी राजनीतिक हितों के लिए राज्य के खजाने की भारी लूट की है, जिसके कारण लोगों ने उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि पारंपरिक राजनीतिक दल उनसे ईर्ष्या करते हैं क्योंकि वे यह पचा नहीं पा रहे कि एक साधारण परिवार से संबंधित व्यक्ति राज्य को प्रभावी ढंग से चला रहा है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक राजनीतिक दलों के जन-विरोधी और पंजाब-विरोधी रुख के कारण राज्य के लोगों का उन पर से विश्वास उठ गया है।

पंजाब के लोग कभी इन्हें माफ नहीं करेंगे

भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य के लोग पंजाब को बर्बाद करने या श्री हरमंदिर साहिब पर टैंकों-तोपों से हमला करने वाली इन पार्टियों को कभी माफ नहीं करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन लोगों को केवल लेना और लूटना आता है और ये नेता लोगों को उनका ही पैसा देना तो दूर, बल्कि अपने लिए अवैध तरीकों से धन इकट्ठा करने से भी नहीं हिचकते। उन्होंने कहा कि क्या पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने डबवाली ट्रांसपोर्ट या सुख विलास के अपने कारोबार के बजाय ह्यगोलकोंह्ण का पैसा लोगों को बांटा है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि लोग उनके दोहरे चरित्र से अच्छी तरह वाकिफ हैं और उनके द्वारा बांटे जा रहे नोटों को भी अच्छी तरह पहचानते हैं।

ट्रांसपोर्ट कारोबार और होटल कैसे बनाए जा सकते हैं

सुखबीर के किसान होने के दावे पर कटाक्ष करते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि अकाली नेता को यह रहस्य सबको खुलकर बताना चाहिए कि खेती करके इतना बड़ा ट्रांसपोर्ट कारोबार और होटल कैसे बनाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि हर कोई जानता है कि अकालियों ने राज्य की संपत्ति को जमकर लूटा है, जिससे उन्होंने अपने ये बड़े कारोबार स्थापित किए हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इसके अलावा इन लोगों ने राज्य में नशीली दवाओं का व्यापार शुरू किया और इसे संरक्षण दिया, जिसके कारण बड़े पैमाने पर पीढ़ियों का नुकसान हुआ।