Mumbai Blast Threat: मुंबई को दहलाने की धमकी देने वाला नोएडा से गिरफ्तार

0
105
Mumbai Blast Threat
Mumbai Blast Threat: मुंबई को दहलाने की धमकी देने वाला नोएडा से गिरफ्तार

Mumbai Bomb Scare, (आज समाज), मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में अनंत चतुर्थी के मौके पर यानी आज सीरियल ब्लास्ट की धमकी देने वाले को दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश नोएडा से गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें कि ‘लश्कर-ए-जिहादी’ के नाम से पिछले कल यानी शुक्रवार को मुंबई ट्रैफिक पुलिस को एक संदेश भेजकर मुंबई में गणेशोत्सव के समापन के मौके पर आज कई जगह विस्फोटों की धमकी दी गई थी।

400 किलो आरडीएक्स के इस्तेमाल का दावा

आरोपी ने मुंबई ट्रैफिक पुलिस (mumbai traffic police) के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर भेजे मैसेज में लिखा था कि मुंबई सिटी में अलग-अलग 34 वाहनों में मानव बम लगाए गए हैं और अनंत चतुर्थी पर शनिवार को इसमें धमाके किए जाएंगे। संदेश में यह भी कहा गया था 400 किलोग्राम आरडीएक्स (400 kg of RDX) लगाया गया है और भीड़ वाले इलाकों में ब्लास्ट कर शहर को दहलाया जाएगा।

‘लश्कर-ए-जिहादी’ नाम के संगठन का जिक्र

आरोपी ने मैसेज में ‘लश्कर-ए-जिहादी’ नाम के संगठन का जिक्र करते हुए यह भी दावा किया था कि 14 पाकिस्तानी आतंकवादी भी भारत में घुसे हैं और वे और जगह भी धमाकों को अंजाम देंगे। नोएडा से दबोचे गए मुख्य आरोपी की पहचान 50 वर्षीय अश्विन कुमार सुप्रा (Ashwin Kumar Supra) के रूप में हुई है और मुंबई क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार देर रात उसे अरेस्ट किया।

बिहार का रहने वाला है आरोपी अश्विन

मुंबई पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी मूल तौर पर बिहार निवासी है। पुलिस ने उसका मोबाइल भी जब्त कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार उसने इसी मोबाइल फोन से धमकी दी थी। फोन के साथ ही उसका सिम कार्ड जब्त कर लिया गया है और आरोपी को नोएडा से मुंबई लाया जा रहा है।

34 व्हीकल्स में 34 ‘मानव बम’ लगाने का दावा : पुलिस 

पुलिस ने शुक्रवार को बताया था कि मुंबई ट्रैफिक पुलिस को मिली धमकियों में शहर भर में 34 व्हीकल्स में 34 ‘मानव बम’ लगाए जाने का दावा किया गया था। आरोपी ने साथ ही लिखा था कि विस्फोट में 400 किलो आरडीएक्स यूज किया जिससे पूरी मुंबई दहल जाएगी।

ये भी पढ़ें: Manipur: केंद्र सरकार का कुकी समूहों के साथ मुक्त आवाजाही पर सहमति का दावा