India-Brazil Trade Deal : भारत और ब्राजील आर्थिक और कृषि क्षेत्र में बढ़ाएंगे आपसी सहयोग

0
72
India-Brazil Trade Deal : भारत और ब्राजील आर्थिक और कृषि क्षेत्र में बढ़ाएंगे आपसी सहयोग
India-Brazil Trade Deal : भारत और ब्राजील आर्थिक और कृषि क्षेत्र में बढ़ाएंगे आपसी सहयोग

यह समय विश्व की दो उभरती ताकतों के लिए एक अवसर : नोब्रेगा

India-Brazil Trade Deal (आज समाज), बिजनेस डेस्क : व्यापार के बदलते वैश्विक परिदृश्य और अमेरिकी टैरिफ से राहत पाने के लिए भारत और ब्राजील मिलकर कार्य करेंगे। आने वाले समय में ये दोनों देश एक दूसरे के साथ आर्थिक और कृषि क्षेत्र में सहयोग बढ़ाएंगे। यह विचार भारत में ब्राजील के राजदूत केनेथ फेलिक्स हजिन्स्की दा नोब्रेगा ने प्रकट किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह समय दोनों उभरती ताकतों के लिए एक अवसर है। इस दौरान नोब्रेगा ने कहा, भारत और ब्राजील भरोसेमंद साझेदार हैं। मौजूदा भू-राजनीतिक हालात में हमें और नजदीकी से काम करना होगा। हमारी अर्थव्यवस्थाओं और कृषि क्षेत्रों में कई समानताएं हैं, जिनका फायदा उठाकर हम नए अवसर बना सकते हैं।

विशेष कार्यक्रम को नोब्रेगा ने किया संबोधित

नोब्रेगा मैत्री 2.0 क्रॉस बॉर्डर एग्री-टेक कार्यक्रम के मौके पर बोल रहे थे, जो 26 सितंबर तक चलेगा। इसका मकसद दोनों देशों के वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं को जोड़ना है, ताकि जलवायु परिवर्तन, मौसम और खाद्य सुरक्षा जैसी चुनौतियों का हल निकाला जा सके। नोब्रेगा ने बताया कि हाल ही में पीएम नरेंद्र मोदी की ब्राजील यात्रा के दौरान दोनों देशों ने अगले 10 साल के लिए सहयोग का रोडमैप तय किया था।

भारत ने पिछले कुछ साल में कई अहम समझौते किए

भारत ने पिछले पांच वर्षों में कई व्यापार सौदों पर हस्ताक्षर किए हैं। इनमें 2021 में लागू भारत-मॉरीशस व्यापक आर्थिक सहयोग और भागीदारी समझौता (सीईसीपीए), 2022 में भारत-यूएई व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौता (सीईपीए) और भारत-आॅस्ट्रेलिया आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौता (ईसीटीए), 2024 में भारत-यूरोपीय ईएफटीए व्यापार और आर्थिक भागीदारी समझौता (टीईपीए), और 2025 में हस्ताक्षरित भारत-यूके व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता (सीईटीए) शामिल है। यह अभी लागू होना बाकी है। भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) व्यापार और आर्थिक भागीदारी समझौते (टीईपीए) के इस वर्ष के अंत में लागू होने की उम्मीद है। जब सभी पक्ष अपनी अनुसमर्थन प्रक्रिया पूरी कर लेंगे।

कई अन्य समझौतों पर बातचीत जारी

इस बीच, भारत कई अन्य समझौतों के लिए बातचीत कर रहा है। इनमें भारत-यूरोपीय संघ एफटीए, भारत-आॅस्ट्रेलिया व्यापक आर्थिक सहयोग समझौता (सीईसीए), भारत-श्रीलंका आर्थिक और प्रौद्योगिकी सहयोग समझौता, भारत-पेरू एफटीए, भारत-चिली सीईपीए, भारत-न्यूजीलैंड एफटीए और संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौता शामिल हैं। भारत और ओमान के बीच 2023 में शुरू होने वाले एक व्यापक व्यापार समझौते के लिए बातचीत हाल ही में संपन्न हुई है।

ये भी पढ़ें : Business News : नहीं थम रहा रुपया, डॉलर के मुकाबले 52 पैसे टूटा