सुबह-शाम पड़ रहा कोहरा
Haryana Weather, (आज समाज), चंडीगढ़: हरियाणार में ठंड में इजाफा होता जा रहा है। जहां दिन के तापमान में हल्की वृद्धि दर्ज की जा रही है। वहीं रात और सुबह के समय तापमान में दर्ज गिरावट होने के कारण ठंड महसूस की जा रही है। अब सुबह और शाम के वक्त कोहरा भी छाने लगा है। वहीं, उतर से नमी वाली हवाएं चलने से धुंध देखी जा रही है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ने का अनुमान जताया गया है। बीते दिन के तापमान की बात करें तो दिन में भिवानी का तापमान सबसे ज्यादा रहा।
यहां का अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इधर, हिसार की रातें सबसे ठंडी रही। जहां का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही नारनौल का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री, करनाल का 9.6 डिग्री, भिवानी व गुरुग्राम का 9 डिग्री, कैथल का 9.7 डिग्री, पंचकूला का 8.9 डिग्री व महेंद्रगढ़ का 9.1 डिग्री तथा सिरसा का 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बादलवाई रहने की भी संभावना
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन सिंह खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 23 नवंबर तक खुश्क परंतु परिवर्तनशील संभावित है। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से बीच-बीच में आंशिक बादलवाई रहने की भी संभावना है।
इससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट व रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभावित है। इस दौरान हवा में बार-बार बदलाव होने तथा हल्की गति से चलने की संभावना है। वातावरण में नमी बढ़ने से कुछ एक स्थानों पर अलसुबह हल्की धुंध भी रहने की संभावना है।


