YouTuber Elvish Yadav: यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर फायरिंग

0
79
YouTuber Elvish Yadav: यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर फायरिंग
YouTuber Elvish Yadav: यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर फायरिंग

घर पर एल्विश यादव की मां थी मौजूद
YouTuber Elvish Yadav, (आज समाज), गुरुग्राम: फेमस यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर फायरिंग करने का मामला प्रकाश में आया है। फायरिंग एल्विश यादव गुरुग्राम स्थित आवास पर हुई। फायरिंग के वक्त एल्विश यादव घर पर मौजूद नहीं थे। एल्विश यादव विदेश गए हुए है। जिस समय फायरिंग हुई उस दौरान एल्विश यादव की मां घर पर थी। बदमाशों ने घर पर 3 से 4 राउंड फायरिंग की। फायरिंग करने वाले तीन लोग थे।

जोकि एक ही बाइक पर सवार होकर आए थे। अलसुबह हुई इस फायरिंग की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। फायरिंग की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए क्षेत्र में नाकेबंदी की है।

सुबह 6 बजे हुई फायरिंग, मकान की दूसरी मंजिल पर रहता है एल्विश यादव का परिवार

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आज सुबह करीब 6 बजे सेक्टर-56 थाना क्षेत्र में एक मकान पर बाइक सवार 3 अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग की। यह वही मकान है जिसके दूसरे मंजिल पर एल्विश यादव रहते हैं। फायरिंग मकान के पहले मंजिल और भूतल पर की गई। पुलिस की कई टीमें मौके पर जांच कर रही हैं।

कौन है एल्विश यादव

एल्विश यादव का असली नाम सिद्धार्थ यादव है। बाद में उन्होंने अपना नाम बदलकर एल्विश यादव रख लिया। एल्विश यादव का जन्म 14 सितंबर 1997 को हरियाणा के गुरुग्राम में एक हिंदू अहीर परिवार में हुआ। एल्विश यादव की एक बड़ी बहन भी है जिसका नाम कोमल यादव हैं। एल्विश यादव अपने यूट्यूब वीडियो और बिग बॉस ओटीटी का दूसरा सीजन जीतने के बाद सुर्खियों में आए।

एल्विश यादव पर लगे सांप के जहर की तस्करी करने के आरोप

नवंबर 2023 में नोएडा पुलिस ने एल्विश यादव समेत सात लोगों के खिलाफ सांप के जहर की तस्करी के मामले में एक केस दर्ज किया था। इस मामले में तब नोएडा पुलिस ने सेक्टर 51 के सेवरोन बैंक्वेट हॉल से पांच लोगों को गिरफ्तार भी किया था।

इनमें राहुल, टीटूनाथ, जय करन, नारायण और रविनाथ थे। इन लोगों के पास से 20 मिली सांप का जहर, 9 जिंदा सांप, जिनमें 5 कोबरा, एक अजगर, 2 दो मुहे सांप और एक रेड स्नेक भी बरामद हुआ था। उस समय कहा गया कि इन पांचों की गिरफ्तारी बीजेपी नेता मेनका गांधी की एनिमल वेलफेयर संस्था पीएफ की पहल पर हुई।

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस

पर्याप्त सबूतों के आधार पर नोएडा सेक्टर-49 की पुलिस ने एल्विश यादव के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल इस केस की विवेचना सेक्टर-20 की पुलिस कर रही है।

जानकारी के अनुसार, एल्विश यादव के खिलाफ आईपीसी की धारा 284, 289, 120बी और वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्शन एक्ट-1972 की धारा 9, 39, 48, 49, 50, 51 के तहत केस दर्ज हुआ है। इसके अलावा आरोपियों से बरामद सांप के जहर की जांच के बाद इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धाराएं बढ़ा दी गई हैं।

यूट्यूब चैनल पर 15.6 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर

एल्विश यादव के सोशल मीडिया फॉलोअर्स की संख्या उनके विभिन्न प्लेटफार्मों पर अलग-अलग है। उनके मुख्य यूट्यूब चैनल पर 15.6 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट, पर 17.5 मिलियन फॉलोअर्स हैं। इसके अलावा, उनके व्लॉग चैनल के 8 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं।

ये भी पढ़ें : हिमाचल में हुए हादसे में पंजाब के चार श्रद्धालुओं की मौत