
Punjab Breaking, (आज समाज), फिरोजपुर : पंजाब के फिरोजपुर में सीनियर आरएसएस कार्यकर्ता बलदेव राज अरोड़ा के बेटे नवीन अरोड़ा पर दो हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि नवीन शहर के मोची बाजार में मनियारी की दुकान चलाता था। शनिवार रात को जब नवीन दुकान बंद कर घर जा रहा था, तभी यूको बैंक और स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने नवीन पर गोलियों की बौछार कर दी।
नवीन के दादा दीनानाथ अरोड़ा आजादी के समय के आरएसएस नेता रहे
गोली लगने से नवीन गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसकी जान बचा नहीं पाए और उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद शहर के बाण बाजार की तरफ फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस वारदात स्थल पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। बता दें कि नवीन के दादा दीनानाथ अरोड़ा आजादी के समय के आरएसएस नेता रहे हैं।
व्यापारियों और परिवार में रोष
नवीन की मौत से व्यापारियों और परिवार में रोष जाहिर किया है। घटनास्थल पर एस एस पी फिरोजपुर भूपिंदर सिंह और विधायक रणबीर सिंह भुल्लर पहुंचे और जल्द हमलावरों को पकड़ने की बात कही वहीं पुलिस सी.सी.टी.वी की मदद से हमलावरों की तलाश में जुट गई है। हमलावरों को पकड़ने के लिए अलग अलग टीमें बनाई गई है। एस एस पी फिरोजपुर भूपिंदर सिंह ने कहा कि “अलग अलग टीमें बनाई गई है जल्द हमलावरों को पकड़ा जाएगा.”
भाजपा नेता सड़क पर उतर गए और सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी
वहीं मृतक के पिता बलदेव और व्यापार मंडल प्रधान अश्वनी मेहता और रिश्तेदार ने कहा कि नवीन दुकान से घर के लिए गया था और दो अज्ञात ने नवीन को गोली मार दी जिससे नवीन की मौत हो गई है। नवीन के दो छोटे बच्चे हैं। वहीं पुलिस को शुरुआती जांच में यह मामला टारगेट किलिंग का लग रहा है। शहर के बीचों-बीच हुई इस वारदात के बाद दहशत फैल गई। पूरा बाजार विरोध में बंद कर दिया गया।
भाजपा नेता सड़क पर उतर गए और सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि पंजाब में अपराधियों में कानून और पुलिस का कोई डर नहीं है। रोजाना सरेआम हत्याएं हो रही हैं और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। शहर में अलर्ट जारी कर दिया गया है और नाकाबंदी कर दी गई है।

