हिमाचल में हर्षोल्लास के साथ मनाया 75वां स्वतंत्रता दिवस समारोह
आज समाज डिजिटल, शिमला:
हिमाचल प्रदेश में 75वां स्वतंत्रता दिवस सभी जिलों में बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान ध्वजारोहण के साथ-साथ पुलिस, गृह रक्षक, एसएसबी, आइटीबीपी के जवानों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट समारोह के मुख्य आकर्षण रहे। राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने की। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस बल, गृह रक्षक, एसएसबी और आइटीबीपी के जवानों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली। प्रणब चौहान ने परेड की अगुवाई की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अपने संबोधन में राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनधारकों के लिए पहली जुलाई, 2021 से 6 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने की घोषणा की। इस निर्णय से कर्मचारियों और पेंशनर्स को 450 करोड़ रुपए का वित्तीय लाभ होगा। उन्होंने बीपीएल परिवारों के लिए खाद्य तेल पर आगामी चार महीनों के लिए अनुदान राशि 10 रुपए प्रति लीटर से बढ़ाकर 30 रुपए प्रति लीटर करने और एपीएल परिवारों के लिए 5 रुपए से 10 रुपए प्रति लीटर करने की घोषणा की। इस निर्णय से राज्य के 18.71 लाख कार्डधारक लाभान्वित होंगे। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने मंडी नगर निगम के लिए 15 करोड़ रुपए देने की भी घोषणा की ताकि निगम विकासात्मक कार्यों का सुचारू रूप से क्रियान्वयन कर सके।
उन्होंने कहा कि पिछले लगभग दो वर्षों से विश्व कोरोना महामारी से लड़ रहा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा समय पर लिए गए निर्णय देश के लोगों के लिए जीवन रक्षक सिद्ध हुए हैं। इस विपरीत आर्थिक स्थिति से निपटने के लिए प्रधानमंत्री ने जरूरतमंद लोगों को वित्तीय सहायता प्रदान करने और उन्हें सीधा लाभ पहुंचाने के लिए आर्थिक पैकेज और नि:शुल्क टीकाकरण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कोविड-19 चुनौतियों के बावजूद राज्य सरकार ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को पुन: पटरी पर लाने के प्रयास किए हैं।
वीर जवानों का सम्मान आने वाली पीढ़ियों के लिए पे्ररणा स्रोत रहेगा
इस दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्र के गौरव और सम्मान के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धाजंलि दी। उन्होंने उन शहीद योद्धाओं को भी श्रद्धाजंलि दी जिन्होंने देश की सम्प्रभुता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि धरती पुत्र मेजर सोमनाथ शर्मा को देश का पहला परमवीर चक्र मिला। इसके अलावा कर्नल डीएस थापा, विक्रम बतरा और राइफल मैन संजय कुमार को भी अतुलनीय वीरता के लिए सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया गया। प्रदेश के दो वीर जवानों को अनुकरणीय पराक्रम के लिए अशोक चक्र और 1096 शौर्य पुरस्कारों से नवाजा गया है। प्रदेश के वीर जवानों द्वारा हासिल किए गए सम्मान आने वाली पीढ़ियों के लिए पे्ररणा स्रोत रहेंगे।
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं शुरू की हैं। नई राहें-नई मंजिलें योजना के अंतर्गत 200 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। कांगड़ा के बीड़ बिलिंग को पैराग्लाइडिंग, शिमला की चांशल घाटी को स्की और मंडी के जंजैहली को इको-पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़कों का निर्माण प्रदेश सरकार की उच्च प्राथमिकताओं में एक है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत राज्य में 2700 करोड़ रुपए के व्यय से 780 कार्य पूर्ण किए गए हैं। राज्य के सभी गांवों और बस्तियों में लोगों को स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल जीवन मिशन के अंतर्गत राज्य में लगभग 6 लाख परिवारों को पेयजल सुविधा प्रदान की गई है।
निशांत शर्मा हिमाचल प्रदेश सिविल सर्विसिज पुरस्कार से सम्मानित
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग, हिमाचल प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन और खंड विकास अधिकारी गोहर निशांत शर्मा को हिमाचल प्रदेश सिविल सर्विसिज पुरस्कार से सम्मानित किया। डॉ. आरके परूथी और सतपाल को पे्ररणा स्रोत पुरस्कार जबकि सूबेदार संजय कुमार, सूबेदार मेजर बलवंत सिहं, करतार सिंह व राहुल रैना को हिमाचल गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्होंने आशीष कुमार, प्रियंका नेगी, ऋतु नेगी, कविता ठाकुर, अजय ठाकुर, खिला देवी, दीक्षा ठाकुर, प्रियंका ठाकुर, ज्योतिका दत्ता, विकास ठाकुर और कोच नरेश कुमार को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं प्रशंसनीय योगदान के लिए नगद पुरस्कार प्रदान किए। वहीं मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पुलिस विभाग को 34 लाईट मोटर वाहन प्रदान किए। विभिन्न विभागों की झांकियां इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहीं। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक में स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री महेंन्द्र सिंह ठाकुर, विधायक कर्नल इन्द्र सिंह, राकेश जम्वाल, विनोद कुमार, इन्द्र सिंह गांधी, जवाहर ठाकुर, हीरा लाल, अनिल शर्मा, किशोरी लाल और प्रकाश राणा, मिल्कफेड के अध्यक्ष निहाल चन्द शर्मा, नगर निगम मण्डी की महापौर दीपाली जसवाल, जिला परिषद् अध्यक्ष पाल वर्मा, बाल कल्याण परिषद् की महासचिव पायल वैद्य, मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, पुलिस महानिदेशक संजय कुण्डु, सचिव सामान्य प्रशासन देवेश कुमार, उपायुक्त मंडी अरिन्दम चैधरी, निदेशक सूचना एवं जन सम्पर्क हरबंस सिंह ब्रसकोन और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
Sign in
                            Welcome! Log into your account
                            
                            
                            
                            Forgot your password? Get help
                            
                            
                            
                            
                        Password recovery
                            Recover your password
                            
                            
                            A password will be e-mailed to you.
                        

