Haryana Weather Update: हरियाणा के अधिकांश जिलों में छाई गहरी धुंध

0
78
Haryana Weather Update: हरियाणा के अधिकांश जिलों में छाई गहरी धुंध
Haryana Weather Update: हरियाणा के अधिकांश जिलों में छाई गहरी धुंध

विजिबिलिटी 10 मीटर से कम
Haryana Weather Update, (आज समाज), चंडीगढ़: हरियाणा में आज कई जिलों में गहरी धुंध छाई हुई है। धुंध के कारण विजिबिलिटी 10 मीटर से भी कम रह गई है। विजिबिलिटी कम होने के कारण वाहन सड़कों पर रेंगते नजर आए। वहीं घने कोहरे के चलते हिसार में नेशनल हाईवे 52 पर धिकताना मोड पर हरियाणा रोडवेज की दो बसें दूसरे वाहनों से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार खेड़ी बर्की निवासी युवक घायल हुआ है। हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ। धुंध के कारण हिसार-दिल्ली फ्लाइट कैंसिल हो गई है। इस बीच दिन के तापमान में भी कमी दर्ज की गई है।

धुंध के कारण हिसार-दिल्ली फ्लाइट कैंसिल

धुंध को देखते हुए डीजीसीए ने नया विंटर शेड्यूल एक महीने के लिए जारी कर दिया है। इसमें हिसार से दिल्ली की फ्लाइट को 16 दिसंबर से आगामी आदेशों तक रद्द कर दिया है। इसके अलावा अयोध्या के लिए भी अब सप्ताह में एक बार फ्लाइट जाएगी। 15 जनवरी तक नया विंटर शेड्यूल लागू रहेगा। इसमें हिसार-दिल्ली, दिल्ली-हिसार हवाई रूट को बंद कर दिया गया है। हवाई सेवाओं के दिनों में भी बदलाव किया गया है। अब हिसार एयरपोर्ट से शुक्रवार, शनिवार, रविवार को ही हवाई सेवाएं संचालित होंगी। अन्य दिनों में कोई फ्लाइट नहीं होगी।

हिसार में न्यूनतम पारा सबसे कम

राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस हिसार में दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.8 डिग्री नीचे है। वहीं, करनाल में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री, महेंद्रगढ़ में 6.7. डिग्री, रोहतक में 8.2 डिग्री और अंबाला में 10.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

11 जिलों में गहरी धुंध कार अलर्ट

मौसम विभाग ने 11 जिलों में गहरी धुंध का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, सोनीपत, रोहतक, अंबाला, भिवानी, झज्जर शामिल हैं। सुबह हिसार के साथ सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद व अन्य जिलों में गहरी धुंध छाई रही। सुबह साढ़े 8 बजे तक शहरी व ग्रामीण इलाके धुंध के प्रभाव में दिखे।

दिल्ली-एनसीआर में हवा हुई जहरीली

दिल्ली एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण के बाद केंद्रीय वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने ग्रेप-4 स्टेज के नियम लागू कर दिए हैं। इसके चलते गुरुग्राम में भी तमाम तरह के नियम लागू कर दिए गए हैं। शनिवार शाम से ही गुरुग्राम में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में बना हुआ है। रविवार सुबह 8 बजे ग्वाल पहाड़ी स्थित सीपीसीबी के मॉनिटरिंग सेंटर में एक्यूआई 408 दर्ज किया गया। ग्रेप-4 लागू होने के बाद ट्रक, लोडर समेत अन्य भारी वाहनों को दिल्ली में प्रवेश करने की इजाजत नहीं होती है। इन्हें गुरुग्राम बॉर्डर पर ही रोका जा रहा है।

ये भी पढ़ें: भाजपा ने वोट चोरी कर सरकार बनाई: भूपेंद्र हुड्डा