Punjab Breaking News : हरियाणा के बाद अब पंजाब भी देगा महिलाओं को वित्तीय मदद

0
63
Punjab Breaking News : हरियाणा के बाद अब पंजाब भी देगा महिलाओं को वित्तीय मदद
Punjab Breaking News : हरियाणा के बाद अब पंजाब भी देगा महिलाओं को वित्तीय मदद

पंजाब सीएम ने किया एलान अगले साल से महिलाओं के खाते में आएंगे 1100 रुपए

Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : कुदरती आपदा और वित्तीय परेशानियों का सामना कर रही पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार ने महिलाओं को लेकर बड़ी घोषणा की है। हालांकि यह घोषणा पिछले विधानसभा चुनाव से पहले की थी लेकिन अब प्रदेश सरकार इसे अमली जामा पहनाने जा रही है। दरअसल एक तरफ जहां हरियाणा की भाजपा सरकार आने वाली 25 सितंबर से महिलाओं को 2500 रुपए वित्तीय सहायता प्रतिमाह मुहैया कराने जा रही है। वहीं अब पंजाब सरकार ने भी इस बात का एलान कर दिया है कि पंजाब में भी जल्द ही प्रत्येक महिला के खाते में 1100 रुपए प्रति माह डाले जाएंगे।

ये बोले सीएम भगवंत सिंह मान

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में महिलाओं को हर महीने 1100 रुपए दिए जाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि अगले साल 2026 का बजट पारित होने के बाद प्रदेश की महिलाओं को सरकार के वादे के अनुसार 1100 रुपये मिलने शुरू हो जाएंगे। उल्लेखनीय है कि आप सरकार ने सूबे में रोडवेज की बसों में महिलाओं के लिए सफर मुफ्त किया है।

2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान भगवंत मान ने घोषणा की थी कि महिलाओं को बसों में मुफ्त सफर के साथ हर महीने 1100 रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। सीएम भगवंत मान ने स्पष्ट किया कि आप सरकार इस योजना को लागू करने के लिए गंभीरता से काम कर रही है। महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता है और समय आ गया है कि सरकार महिलाओं से किए इस वादे को जल्द पूरा करेगी।

पंजाब में करीब एक करोड़ महिलाएं हैं पात्र

प्रदेश में 18 साल से अधिक उम्र की करीब एक करोड़ महिलाएं हैं। आम आदमी पार्टी ने 2022 में सत्ता में आने से पहले प्रदेश की एक करोड़ महिलाओं से हर महीने एक हजार रुपये आर्थिक मदद देने की घोषणा की थी। शुरूआत में सरकार ने 18 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं को 1000 रुपये प्रति माह वजीफा देने का वादा किया था। हालांकि जब लोगों ने योजना को लागू करने में देरी के बारे में सवाल उठाए, तो इसे लॉन्च करने के बजाय सीएम मान ने मई 2024 में घोषणा की कि राशि बढ़ाकर 1100 रुपए प्रति माह कर दी जाएगी।

ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : कांग्रेस ने पंजाब के हितों की अनदेखी की : जाखड़