- भारत को बनाया आत्मनिर्भर, जनता को दिया सशक्त भारत का सपना
- मोदी विजन से विकसित भारत का सपना होगा साकार
(Yamunanagar News) यमुनानगर। नगर निगम मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में भारत ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। यह कार्यकाल देश के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। मोदी सरकार का यह कालखंड केवल एक शासन नहीं, बल्कि भारत के भविष्य की मजबूत नींव रखने का समय है।
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि आज भारत का डंका पूरी दुनिया में बज रहा है। कुर्सी वही रही, लेकिन नेतृत्व ऐसा आया जिसने देश की सोच और दिशा दोनों बदल दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास केवल 5 साल का नहीं, बल्कि 50 साल आगे देखने वाला दृष्टिकोण है। उन्होंने देश को परिश्रम और समर्पण की मिसाल दी है। पहले योजनाओं का पैसा बिचौलियों में फंस जाता था, लेकिन अब जनधन योजना के जरिए पैसा सीधे लाभार्थियों के खाते में पहुंच रहा है।
27 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आ चुके
आयुष्मान भारत योजना ने गरीबों को मुफ्त इलाज दिया, उज्ज्वला योजना ने करोड़ों महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाई, और प्रधानमंत्री आवास योजना ने लाखों परिवारों को छत उपलब्ध कराई। उन्होंने कहा कि 27 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आ चुके हैं, यह सिर्फ आंकड़ा नहीं, बल्कि भारत के गरीब वर्ग के जीवन में आया असली बदलाव है। महापौर ने कहा कि मोदी सरकार ने केवल विकास ही नहीं किया, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत और आत्मसम्मान को भी पुनर्जीवित किया।
धारा 370 हटाना, तीन तलाक खत्म करना, श्री राम मंदिर निर्माण, जीएसटी लागू करना जैसे बड़े और ऐतिहासिक फैसले इसी कालखंड में हुए हैं। हरियाणा में हुए विकास कार्यों पर बोलते हुए महापौर सुमन बहमनी ने कहा कि चिरायु-आयुष्मान भारत योजना ने लाखों परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा दी है। वृद्धावस्था पेंशन 3000 रुपये प्रति माह कर दी गई है। प्रदेश में 79 नए सरकारी कॉलेज खोले गए हैं, जिनमें 32 विशेष रूप से बेटियों के लिए हैं। 13 नए विश्वविद्यालय स्थापित किए गए हैं ताकि हर युवा को बेहतर शिक्षा मिले।
13 लाख परिवारों को सिर्फ 500 रुपये में गैस सिलेंडर मिल रहा
उन्होंने कहा कि हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत 13 लाख परिवारों को सिर्फ 500 रुपये में गैस सिलेंडर मिल रहा है। हरियाणा देश का पहला राज्य बन चुका है जो 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदता है। युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। आज का भारत न केवल आर्थिक रूप से मजबूत हुआ है बल्कि सुरक्षा के मोर्चे पर भी आत्मनिर्भर बना है।
ऑपरेशन सिंदूर इसका ताजा उदाहरण है, जो बदलते भारत की ताकत और संकल्प का प्रतीक है।महापौर सुमन बहमनी ने कहा कि यमुनानगर-जगाधरी भी इस विकास यात्रा का हिस्सा है और आने वाले समय में यहां भी कई जनकल्याणकारी योजनाएं और विकास कार्य तेज गति से पूरे किए जाएंगे। हम सब मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के इस संकल्प को साकार करेंगे। यही भारत का भविष्य है और यही हमारा संकल्प है।
यह भी पढ़े : Yamunanagar News : सिविल हस्पताल यमुनानगर व जगाधरी में योग साधकों को करवाया योग प्रोटोकॉल का अभ्यास