कल लेंगे जिला अध्यक्षों की बैठक
Haryana Congress President, (आज समाज), चंडीगढ़: हरियाणा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रधान राव नरेंद्र सिंह आज चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में कार्यभार ग्रहण करेंगे। कार्यभार संभालने से पहले पत्रकारों से बातचीत में राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संगठनात्मक ढांचे को मजबूती देने पर सबसे अधिक जोर दे रही है। इसके तहत जल्द ही ब्लाक अध्यक्षों की नियुक्तियां की जाएंगी। इसके बाद प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। उनका मानना है कि जब तक संगठनात्मक इकाइयां सक्रिय और मजबूत नहीं होंगी, तब तक चुनावी जमीनी लड़ाई नहीं लड़ी जा सकती।
बैठक में बीएलए-टू की नियुक्तियों पर हो सकती है चर्चा
वहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने मंगलवार 7 अक्टूबर को पार्टी के सभी नव नियुक्त जिलाध्यक्षों की बैठक भी बुलाई है। इसी दिन वे कांग्रेस के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए-वन) से भी बात करेंगे। कांग्रेस पार्टी की ओर से बीएलए-टू की नियुक्ति अभी की जानी हैं। 7 अक्टूबर को जिला अध्यक्षों और बीएलए-वन की होने वाली बैठक में बीएलए-टू की नियुक्तियों पर विशेष चर्चा होने की संभावना है।
नए कार्यकारी प्रदेश अध्यक्षों की भी हो सकती है नियुक्ति
कांग्रेस के राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि दो से तीन नए कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं। फिलहाल तीन कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज, सुरेश गुप्ता मतलौडा और रामकिशन गुर्जर कांग्रेस संगठन में काम कर रहे हैं। शीर्ष सूत्रों ने बताया कि फिलहाल नए कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की बजाय इन्हे ही अगले आदेश तक काम करने के लिए कहा गया है, ताकि सारे गुटों में समन्वय बना रहे।
कैप्टन अजय यादव कर चुके राव नरेंद्र सिंह का विरोध
बता दें कि हाईकमान ने जब से राव नरेंद्र को प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया है, तब से ही पार्टी के ही कुछ वरिष्ठ नेता उनका विरोध कर रहे है। अहीरवाल से ही पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं 6 बार विधायक-मंत्री रहे कैप्टन अजय यादव ने कहा था कि यह निर्णय राहुल गांधी की इच्छा के विपरीत लिया गया है। कांग्रेस को अपने घटते प्रभाव को देखते हुए आत्मनिरीक्षण करने की जरूरत है।