A massive fire broke out at Gaur Business Park(आज समाज नेटवर्क) गाजियाबाद। गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित गौर बिजनेस पार्क में बुधवार रात भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि उसकी लपटें करीब पांच किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं। इसी दौरान खोड़ा क्षेत्र में एक दुकान और एक मकान में आग लगने की सूचना से फायर विभाग में हड़कंप मच गया।घटना वसुंधरा स्थित आधार पब्लिक स्कूल के सामने बने गौर बिजनेस पार्क की है। जानकारी के अनुसार आग बिल्डिंग के मीटर रूम में लगी और देखते ही देखते केबल व लकड़ी के सामान के जरिए पूरी इमारत में फैल गई। कुछ ही देर में पूरी बिल्डिंग धुएं से भर गई।
सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि बिल्डिंग के नीचे कमर्शियल दुकानें और ऊपर ऑफिस बने हुए हैं। घटना के समय सभी ऑफिस बंद थे। फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर लॉक काटकर अंदर प्रवेश किया और कई जगह दीवार तोड़कर आग बुझाने का काम शुरू किया।दमकल कर्मियों ने ए और बी सेट पहनकर धुएं के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। आग ऊंचाई तक फैल चुकी थी, इसलिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियों पर चढ़कर ऊपरी हिस्सों तक पानी पहुंचाया गया।
आग की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली और साहिबाबाद फायर स्टेशन से अतिरिक्त दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। वहीं नोएडा से वाटर बाउजर और आर्टिकुलेटिंग टावर भी मंगाया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 12 दमकल गाड़ियों और 50 से अधिक फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाया।राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फायर विभाग के अनुसार शुरुआती जांच में आग लगने का कारण बिजली की केबल में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। केबल में आग लगने के बाद उसने तेजी से पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया।


