Online Gaming Fraud : ऑनलाइन गेमिंग व निवेश के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

0
222
Member of gang involved in online gaming and investment fraud arrested
पुलिस गिरफ्त में आरोपित।
  • पकड़े गए आरोपी से 40 हजार रुपये बरामद

Online Gaming Fraud (आज समाज नेअवर्क) जींद। साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित के कब्जे से पुलिस ने 40 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। साइबर क्राइम थाना के प्रभारी जगदीप सिंह ने बताया कि सफीदों निवासी विकास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह ड्रीम इलेवन पर क्रिकेट टीम बनाकर गेम खेलता था। इसी दौरान उसके मोबाइल नंबर पर एक व्यक्ति द्वारा कॉल कर स्वयं को ड्रीम इलेवन कंपनी का कर्मचारी बताया गया तथा टीम बना कर अधिक मुनाफा करवाने का झांसा दिया गया।

विभिन्न यूपीआई आईडी व बैंक खातों में कुल एक लाख 78 हजार 480 रुपये ट्रांसफर करवाए

जिसमें उन्होंने व्हाट्सअप पर फर्जी कार्यालय, टीम निर्माण व अन्य स्क्रीन शॉट भेजे तथा अलग-अलग बहानों से विभिन्न यूपीआई आईडी व बैंक खातों में कुल एक लाख 78 हजार 480 रुपये ट्रांसफर करवाए। जब उन्होंने लगातार अन्य चार्ज के नाम पर पैसे मांगे जाने लगे तो उसे ठगी का अहसास हुआ। जिस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस जांच में भरतपुर (राजस्थान) निवासी जसवंत का नाम सामने आया था। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जसवंत ने पूछताछ में फिरोजपुर (पंजाब) निवासी राजकुमार का नाम बताया। जिस पर साइबर थाना टीम ने तकनीकी जांच व साक्ष्यों के आधार पर राजकुमार को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर 40 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस राजकुमार से पूछताछ कर रही है।

एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि जींद पुलिस आमजन से अपील करती है कि ऑनलाइन गेमिंग, निवेश, लॉटरी, रिफंड या मुनाफे के नाम पर आने वाले किसी भी कॉल, लिंक या मैसेज पर बिना जांच विश्वास न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक खाते, ओटीपी, यूपीआई अथवा अन्य वित्तीय जानकारी को सांझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नम्बर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं।