Ludhiana Robbery Attempt Video: पंजाब के लुधियाना में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद नजर आए कि उन्होंने रात के समय एक मेडिकल स्टोर में घुसकर लूट की कोशिश की। तीन बदमाश प्लेटिना बाइक पर सवार होकर दुकान पहुंचे, जिनमें से दो हथियार लेकर अंदर घुस गए और दुकानदार से नकदी मांगने लगे। जब दुकानदार ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इसी बीच दुकानदार की पत्नी अचानक दुकान में पहुंच गईं, जिससे बदमाश घबरा गए। हमले में घायल होने के बावजूद दुकानदार ने हिम्मत नहीं हारी और कुर्सी उठाकर बदमाशों के पीछे दौड़ पड़ा। हालांकि तीनों आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई।
प्लेटिना बाइक पर आए थे तीन बदमाश
मंगलवार रात करीब 9:25 बजे तीन युवक प्लेटिना मोटरसाइकिल पर सवार होकर कोहली मेडिकल स्टोर पहुंचे। इनमें से एक युवक बाइक लेकर बाहर ही रुक गया, जबकि उसके दो साथी हथियार लेकर दुकान के अंदर दाखिल हो गए। तीनों ने अपने चेहरे ढके हुए थे। उस समय मेडिकल स्टोर पर दुकानदार गुरमीत सिंह कोहली अकेले मौजूद थे। दुकान पर काम करने वाला कर्मचारी कुछ देर पहले ही घर जा चुका था। दुकान में घुसते ही दोनों बदमाशों ने गुरमीत सिंह को हथियार दिखाकर धमकाया और उन्हें पीछे की तरफ धकेल दिया। इसके बाद आरोपियों ने गल्ले में रखी नकदी देने के लिए कहा। उन्होंने दुकानदार को चुपचाप पैसे देने की धमकी भी दी, ताकि आसपास किसी को वारदात की भनक न लगे।
CCTV कैमरा देखते ही भड़क गए बदमाश
दुकानदार गुरमीत सिंह कोहली ने बदमाशों का विरोध करते हुए उन्हें बताया कि दुकान में CCTV कैमरे लगे हुए हैं और उनकी हरकतें रिकॉर्ड हो रही हैं। यह बात सुनकर दोनों आरोपी भड़क गए और उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद बदमाशों ने तेजधार हथियारों से उन पर दो से तीन वार किए। हमले में गुरमीत सिंह के शरीर पर गहरे कट लग गए। बदमाशों ने दुकानदार को डराकर नकदी लूटने की कोशिश की थी, लेकिन उनके विरोध के कारण वे अपने इरादे में कामयाब नहीं हो सके। इस दौरान दुकान में हुई पूरी घटना CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
कुर्सी लेकर पीछे बदमाशों के पीछे दौड़े दुकानदार
वारदात के दौरान अचानक गुरमीत सिंह की पत्नी दुकान में पहुंच गईं। उन्हें सामने देखकर दोनों बदमाश घबरा गए। इसी मौके का फायदा उठाकर घायल दुकानदार ने एक आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। हालांकि छीना-झपटी के दौरान आरोपी खुद को छुड़ाकर दुकान से बाहर भाग निकला। इसके बाद गुरमीत सिंह ने भी हार नहीं मानी। उन्होंने दुकान में रखी कुर्सी उठाई और बदमाशों को पकड़ने के लिए उनके पीछे दौड़ पड़े। लेकिन बाहर पहले से मौजूद तीसरा साथी बाइक लेकर तैयार था। तीनों आरोपी मोटरसाइकिल पर बैठकर मौके से फरार हो गए। इस तरह बदमाश दुकान से नकदी लूटने में नाकाम रहे।


