
आईएसआई और बीकेआई संगठनों के सीधे संपर्क में था पकड़ा गया आरोपी, विदेश में बैठे आतंकियों के कहने पर करने वाला था आतंकी वारदात
Punjab Crime News (आज समाज), जालंधर/एसबीएस नगर : पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर ने एसबीएस नगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते प्रदेश में होने वाली एक संभावित आतंकी वारदात को टाल दिया है। पुलिस की टीमों ने कार्रवाई करते हुए एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है। जो सीधे तौर पर पाकिस्तान समर्थित आईएसआई और बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के सीधे संपर्क में था।
इस दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 86-पी हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया है। फिलहाल पुलिस टीमें आरोपी से जानकारी हासिल करने की कोशिश में जुटी हैं कि उसके साथ और कौन से लोग हैं और उसके अगले-पिछले संपर्क किन-किन लोगों के साथ रहे हैं।
आरोपी को इस तरह मिला हैंड ग्रेनेड
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी ने कथित तौर पर विदेश में बैठे आतंकी हैंडलर्स के निर्देश पर आदमपुर, जालंधर के पास एक दूसरे संदिग्ध आतंकी से हैंड ग्रेनेड हासिल किया था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। इसी के चलते पुलिस की जांच का दायरा अब विदेशी हैंडलर्स तक पहुंचाने के साथ-साथ स्थानीय सहयोगियों, आतंकी नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक का पता लगाने तक बढ़ा दिया गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस मॉड्यूल से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं और आतंकी गतिविधियों के लिए इन्हें किस तरह की मदद मिल रही थी।
पंजाब पुलिस का विशेष अभियान जारी रहेगा
पंजाब पुलिस का कहना है कि राज्य में आतंकी नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने, संगठित अपराध पर अंकुश लगाने और पंजाब की शांति, सुरक्षा एवं सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए आने वाले दिनों में प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को और भी ज्यादा पुख्ता किया जाएगा। ताकि कोई भी असंवेदनशील व्यक्ति राज्य और समाज की शांति भंग करने की कोशिश न कर सके।
ये भी पढ़ें : Punjab News Update : पंजाब की धरती को गुरुओं-संतों का आर्शीवाद, यहां सदियों से अटूट है आपसी भाईचारा : सीएम

