चेन्नई में एआर रहमान के बेटे के साथ बड़ा हादसा, कारों की हुई जोरदार टक्कर, जानें अब कैसी है हालत?

0
60
AR Ameen Accident: एआर रहमान के बेटे एआर अमीन चेन्नई में सड़क हादसे में बाल-बाल बचे. कार की दूसरी वाहन से टक्कर हुई, लेकिन अमीन और दोस्त को मामूली चोटें आईं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

AR Ameen Car Accident: फेमस म्यूजिक कंपोजर एआर रहमान के बेटे एआर अमीन रविवार शाम चेन्नई में एक सड़क हादसे का शिकार हो गए. बताया जा रहा है कि अमीन अपने एक दोस्त के साथ कार से सफर कर रहे थे, तभी गिंडी के काठीपारा फ्लाईओवर के पास उनकी कार दूसरी गाड़ी से टकरा गई. राहत की बात ये है कि इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई.

काठीपारा फ्लाईओवर के पास हुआ हादसा

रिपोर्ट के मुताबिक, एआर अमीन कोयंबेडु से शहर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान काठीपारा फ्लाईओवर के पास एक Wagon-R साइड रोड से मेन सड़क पर आई और अमीन की Porsche से टकरा गई. हादसे के बाद अमीन और उनके साथ मौजूद दोस्त को इलाज के लिए कावेरी अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और वे घर लौट गए.

दूसरी गाड़ी में सवार लोगों को भी अस्पताल ले जाया गया

हादसे में Wagon-R में सवार एक व्यक्ति को चोटें आई थीं. उसे कलैग्नर सेंचुरी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाया गया. इलाज के बाद वाहन में मौजूद लोगों को भी अस्पताल से छुट्टी मिल गई.

घटना की जांच के तहत पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है. अडयार ट्रैफिक इन्वेस्टिगेशन विंग मामले की जांच कर रही है. पुलिस ने केस भी दर्ज किया है और ये पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर हादसा किन परिस्थितियों में हुआ.

पिता की तरह संगीत की दुनिया में बना रहे हैं पहचान

एआर अमीन सिर्फ एआर रहमान के बेटे के तौर पर ही नहीं, बल्कि अपनी अलग म्यूजिकल पहचान बनाने के लिए भी लगातार काम कर रहे हैं. उन्होंने साल 2015 में मणि रत्नम की फिल्म ‘ओ कधल कनमणि’ से प्लेबैक सिंगिंग की शुरुआत की थी. इस फिल्म में उन्होंने Maula Salli Wasallim गाना गाया था.

इसके बाद अमीन ने अलग-अलग भाषाओं और म्यूजिक शैलियों में काम किया. वो अपने पिता एआर रहमान के इंटरनेशनल कॉन्सर्ट टूर में भी उनके साथ परफॉर्म कर चुके हैं.

हाल के प्रोजेक्ट्स में भी रहे एक्टिव

पिछले कुछ समय से एआर अमीन अपने म्यूजिक प्रोजेक्ट्स को लेकर काफी एक्टिव हैं. उन्होंने राम चरण की अपकमिंग फिल्म ‘पेड्डी’ के तमिल वर्जन के गाने Chikiri Chikiri को अपनी आवाज दी है.

इसके अलावा उन्होंने सिंगर जसलीन रॉयल के साथ इंडिपेंडेंट सिंगल Bheegi Bheegi पर भी काम किया. इस गाने के म्यूजिक वीडियो में दुलकर सलमान और मृणाल ठाकुर नजर आए थे.