India A Set World Record: हर्षित राणा और प्रिंस यादव का खौफनाक कहर, टीम का वर्ल्ड रिकॉर्ड, 26 रन पर नेपाल ढेर

0
396

नई दिल्ली. हर्षित राणा और प्रिंस यादव की खौफनाक गेंदबाजी के दम पर भारत ने राइजिंग एशिया कप 2026 में धमाकेदार शुरुआत की. नेपाल के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करने वाली इंडिया-A ने दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं. तिलक वर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने नेपाल को 306 रन से हराया था. इस मुकाबले में नेपाल की पूरी टीम महज 26 रन पर सिमट गई थी. इस प्रदर्शन के साथ इंडिया-A ने लिस्ट-A क्रिकेट में ऐतिहासिक जीत दर्ज की.

राइजिंग एशिया कप 2026 भारतीय टीम का पहला मुकाबला नेपाल से हुआ. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. महज 42 रन पर 3 विकेट गंवा दिए. वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा और आयुष बदोनी सस्ते में वापस लौट गए. इसके बाद कुमार कुशाग्र के साथ मिलकर कप्तान तिलक वर्मा ने रिकॉर्ड 206 रन की साझेदारी कर डाली. दोनों ने शतक ठोका और आखिर में सूर्यांश शेडगे की पारी में स्कोर 332 रन तक पहुंचाया.

नेपाल का 26 रन का स्कोर बना सबसे कम

नेपाल का 26 रन किसी देश की ‘A’ या डेवलपमेंट टीम के खिलाफ लिस्ट-A क्रिकेट में किसी टीम का सबसे कम स्कोर है. इससे पहले यह रिकॉर्ड श्रीलंका-A के नाम था. श्रीलंका-A ने 2023 में इसी टूर्नामेंट में यह रिकॉर्ड बनाया था. उस समय इस प्रतियोगिता को इमर्जिंग एशिया कप के नाम से जाना जाता था. भारत के युवा गेंदबाजों ने नेपाल के बल्लेबाजों को टिकने का मौका नहीं दिया. प्रिंस यादव ने 5 रन देकर 5 विकेट हासिल किए, जबकि हर्षित राणा ने 16 रन देकर 4 बल्लेबाजों को आउट किया. दोनों की घातक गेंदबाजी के सामने नेपाल की टीम 11.3 ओवर में ही ढेर हो गई.

लिस्ट-A क्रिकेट में किसी देश की ‘A’ या डेवलपमेंट टीम के खिलाफ सबसे कम स्कोर

टीम स्कोर (रन) स्थान वर्ष
ओमान-A बनाम श्रीलंका-A 26 कोलंबो (प्रेमदासा) 2023
नेपाल बनाम भारत-A 42 दोहा 2026
श्रीलंका-A बनाम दक्षिण अफ्रीका-A 45 कोलंबो (प्रेमदासा) 2005
भारत-A बनाम ऑस्ट्रेलिया-A 55 टाउन्सविले 2016
नेपाल-A बनाम आयरलैंड वॉल्व्स 60 कीर्तिपुर 2023
भारत-A बनाम ऑस्ट्रेलिया-A 62 लॉस एंजिलिस 1999

इंडिया-A ने 300 से ज्यादा रन से जीतकर बनाया रिकॉर्ड

इस मुकाबले में भारत ने सिर्फ नेपाल को छोटे स्कोर पर नहीं रोका, बल्कि 306 रन से जीत दर्ज करके एक और विश्व रिकॉर्ड बनाया. इंडिया-A लिस्ट-A क्रिकेट में 300 से ज्यादा रन के अंतर से मुकाबला जीतने वाली किसी देश की पहली ‘A’ या डेवलपमेंट टीम बन गई है. इससे पहले यह रिकॉर्ड भी भारत के नाम था. साल 2018 में भारत-A ने इंग्लैंड की काउंटी टीम लीसेस्टरशायर को 281 रन से हराया था.

लिस्ट-A क्रिकेट में किसी देश की ‘A’ या डेवलपमेंट टीम की सबसे बड़ी जीत

टीम विपक्षी टीम जीत का अंतर (रन) मैदान वर्ष
भारत-A नेपाल 306 दोहा 2026
भारत-A लीसेस्टरशायर 281 लीसेस्टर 2018
इंग्लैंड लायंस वेस्टइंडीज-A 276 बासेटेरे 2026
भारत-C भारत-A 232 रांची 2019
दक्षिण अफ्रीका-A वेस्टइंडीज-A 220 डरबन 1997
  • TAGS
  • [post_tags]