Diwali Safety Advisory: दिवाली पर पटाखे जलाते समय रहें सावधान, PGI चंडीगढ़ ने जारी की सेफ्टी एडवाइजरी

0
100
PGI Chandigarh Diwali Advisory, Diwali Safety Tips 2026, Firecracker Safety Guidelines, Burn First Aid, Firecracker Injury Prevention, PGIMER Safety Advisory, दिवाली सुरक्षा एडवाइजरी, पटाखे जलाने के नियम, जलने पर प्राथमिक उपचार, पीजीआई चंडीगढ़ एडवाइजरी
चंडीगढ़ PGI ने दिवाली पर सेफ्टी को लेकर एडवाइजरी जारी की है।

Firecracker Safety Tips: दीपावली खुशियों और रोशनी का त्योहार है, लेकिन पटाखे जलाने और दीये सजाने के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। हर साल दिवाली के दौरान पटाखों से हाथ, चेहरे और आंखों में चोट लगने के कई मामले सामने आते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (PGIMER) चंडीगढ़ के प्लास्टिक सर्जरी विभाग ने लोगों के लिए विशेष सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। डॉक्टर्स ने खासतौर पर बच्चों को पटाखे जलाते समय अकेला नहीं छोड़ने और हर समय बड़ों की निगरानी में रखने की सलाह दी है।

पटाखे जलाते समय इन बातों का रखें ध्यान

PGI की एडवाइजरी के अनुसार पटाखे जलाते समय सबसे पहले अपने कपड़ों और आसपास की सुरक्षा का ध्यान रखना जरूरी है। लोगों को सिंथेटिक और ढीले कपड़े पहनने से बचना चाहिए, क्योंकि इनमें आग जल्दी पकड़ सकती है। पटाखे जलाते समय जूते पहनें और उन्हें हाथ में पकड़कर जलाने के बजाय सुरक्षित दूरी से इस्तेमाल करें। दीये और मोमबत्तियां जलाते समय भी हाथ और शरीर को आग से दूर रखें। बच्चों को कभी अकेले पटाखे न जलाने दें। पटाखे जलाने वाली जगह पर पानी से भरी बाल्टी या अग्निशामक यंत्र जरूर रखें। अगर कोई पटाखा नहीं फूटता है तो उसके पास तुरंत न जाएं और न ही उसे दोबारा जलाने या उठाने की कोशिश करें। इस्तेमाल किए गए पटाखों के अवशेष पानी या रेत से भरी बाल्टी में डालें, ताकि उनसे दोबारा आग या चोट का खतरा न रहे।

जलने पर टूथपेस्ट या नीली स्याही न लगाएं

प्लास्टिक सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. अतुल पराशर ने बताया कि अगर पटाखे या दीये से किसी का हाथ या शरीर का कोई हिस्सा जल जाता है, तो सबसे पहले प्रभावित जगह को ठंडे बहते पानी के नीचे रखना चाहिए। प्राथमिक उपचार के तौर पर करीब 20 मिनट तक पानी से जले हुए हिस्से को ठंडा करना बेहतर है। जलने वाली जगह पर टूथपेस्ट, नीली स्याही, तेल, घी या किसी अन्य घरेलू पदार्थ का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। इसके अलावा हाथ में पहनी अंगूठी, चूड़ी, घड़ी या अन्य कसने वाली चीजों को सूजन आने से पहले सावधानी से हटा दें। हालांकि अगर कपड़ा त्वचा से चिपक गया है तो उसे जबरदस्ती हटाने की कोशिश न करें। गंभीर रूप से जलने, बड़े हिस्से में चोट लगने या चेहरे पर जलने की स्थिति में तुरंत अस्पताल में इलाज कराएं।

कपड़ों में आग लग जाए तो अपनाएं ये टिप्स

पटाखे जलाते समय अगर किसी व्यक्ति के कपड़ों में आग लग जाए तो घबराकर भागना नहीं चाहिए। भागने से आग और तेजी से फैल सकती है। ऐसी स्थिति में PGI ने तीन आसान कदम अपनाने की सलाह दी है। पहला, Stop यानी रुक जाएं और भागना बंद करें। दूसरा, Drop यानी जमीन पर लेट जाएं और चेहरे को बचाने की कोशिश करें। तीसरा Roll यानी जमीन पर लुढ़कें, ताकि आग बुझ सके। जरूरत पड़ने पर मोटे कंबल या गलीचे से भी आग को ढका जा सकता है। वहीं, पटाखे से आंख में चोट लगने पर आंख को बिल्कुल न रगड़ें और न ही दबाव डालें। साफ पानी से सावधानीपूर्वक धोने के बाद तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से संपर्क करें। आंख में गंभीर चोट की स्थिति में घरेलू उपचार के बजाय तत्काल चिकित्सा सहायता लेना जरूरी है।

ग्रीन पटाखों का करें इस्तेमाल, प्रदूषण से बचें

PGI के डॉक्टरों ने लोगों से पटाखों का इस्तेमाल सीमित रखने की अपील की है। पटाखों से निकलने वाला धुआं वायु प्रदूषण बढ़ाता है, जबकि तेज आवाज ध्वनि प्रदूषण का कारण बनती है। इसका असर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों पर ज्यादा पड़ सकता है। इसलिए जहां अनुमति हो, वहां केवल प्रमाणित ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल करें और प्रशासन की ओर से निर्धारित समय-सीमा का पालन करें। पटाखे अस्पतालों, पेट्रोल पंपों, वाहनों और ज्वलनशील सामग्री के पास न जलाएं। PGIMER के प्लास्टिक सर्जरी विभाग ने जानकारी दी है कि दिवाली के दौरान जलने से संबंधित चोटों के मरीजों के इलाज के लिए अस्पताल में पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा चंडीगढ़ प्रशासन और पुलिस ने भी सुरक्षित दिवाली मनाने की अपील की है।

  • TAGS
  • [post_tags]