Gangster Goldy Brar News: पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के आरोपी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। कनाडा के ‘बी ऑन द लुकआउट’ (BOLO) प्रोग्राम ने 19 नवंबर को 25 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की नई सूची जारी की है। इस लिस्ट में गोल्डी बराड़ को पहले स्थान पर रखा गया है। कनाडा पुलिस को उसकी तलाश 2023 में हुई एक हत्या के मामले में है। उसकी गिरफ्तारी में मददगार जानकारी देने वाले व्यक्ति को 2.5 लाख कनाडाई डॉलर (करीब 1.62 करोड़ रुपये) तक का इनाम देने की घोषणा की गई है।
खास बात यह है कि गोल्डी बराड़ का नाम अमेरिका की FBI की टॉप-10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में भी शामिल है। इसके अलावा पंजाब मूल के एक अन्य व्यक्ति मनप्रीत सिंह को भी कनाडा के 25 मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में जगह मिली है। दोनों की तलाश गंभीर आपराधिक मामलों के सिलसिले में की जा रही है।
गोल्डी बराड़ पर कनाडा में क्या आरोप?
विनिपेग पुलिस के मुताबिक गोल्डी बराड़ 20 सितंबर 2023 को 39 वर्षीय सुखदूल सिंह गिल की हत्या के मामले में वांछित है। यह वारदात विनिपेग के उत्तर-पश्चिमी इलाके में हुई थी। पुलिस जांच के बाद गोल्डी बराड़ और उसके सहयोगी करणबीर सिंह के खिलाफ 23 फरवरी 2026 को फर्स्ट-डिग्री मर्डर और हत्या की साजिश के आरोपों में गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे।
कनाडा के BOLO प्रोग्राम ने गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 2.5 लाख कनाडाई डॉलर तक के इनाम की घोषणा की है। यह इनाम कनाडा या अमेरिका में उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी के लिए है। विनिपेग पुलिस ने उसे बेहद खतरनाक और हथियारबंद व्यक्ति बताते हुए आम लोगों को उससे दूर रहने की सलाह दी है।
FBI की मोस्ट वांटेड की लिस्ट में भी शामिल
गोल्डी बराड़ की तलाश केवल कनाडा तक सीमित नहीं है। अमेरिकी संघीय जांच एजेंसी FBI ने 28 सितंबर 2026 को उसे अपनी 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल किया था। FBI के अनुसार उस पर अमेरिका में संगठित अपराध, हत्या की साजिश, जबरन वसूली और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े गंभीर आरोप हैं। FBI ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए 10 लाख अमेरिकी डॉलर तक के इनाम की घोषणा की है। गोल्डी बराड़ लॉरेंस बिश्नोई के आपराधिक संगठन का अहम सदस्य है और उत्तरी अमेरिका में इस नेटवर्क के संचालन में उसकी भूमिका बताई गई है।
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का है आरोपी
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले के जवाहरके गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस चर्चित हत्याकांड की जांच में गोल्डी बराड़ का नाम प्रमुख साजिशकर्ताओं में सामने आया था। उसने इस हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा भी किया था। भारतीय जांच एजेंसियां भी इस मामले में उसकी तलाश कर रही हैं। गोल्डी बराड़ का नाम सामने आने के बाद यह मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहा है।
पंजाब मूल का मनप्रीत सिंह भी लिस्ट में शामिल
कनाडा की 25 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में पंजाब मूल के मनप्रीत सिंह का नाम भी शामिल है। वह इस सूची में आठवें स्थान पर है। पील रीजनल पुलिस के अनुसार 28 वर्षीय मनप्रीत सिंह ब्रैम्पटन में हुई गोलीबारी और हत्या के मामले में वांछित है। 19 अगस्त 2025 को ब्रैम्पटन के बेहेम्पटन ड्राइव स्थित एक घर में दो हथियारबंद संदिग्ध घुस गए थे। उन्होंने वहां मौजूद दो लोगों को गोली मार दी थी। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। जांच के दौरान मनप्रीत सिंह को इस वारदात के संदिग्ध आरोपियों में शामिल किया गया।


