Chandigarh MC Elections 2026: चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव की तारीखों का ऐलान, इस दिन होगी वोटिंग

0
339
Chandigarh Municipal Corporation Election 2026, Chandigarh MC Election Date, Chandigarh Election Schedule, Chandigarh Nagar Nigam Election, Chandigarh Voter List, Chandigarh Election News, चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव, चंडीगढ़ चुनाव तारीख, चंडीगढ़ चुनाव कार्यक्रम, नगर निगम चुनाव 2026
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है।

Chandigarh Nagar Nigam Election: चंडीगढ़ में नगर निगम चुनाव का बिगुल बज गया है। शहर की 35 वार्डों वाली नगर निगम के लिए 23 दिसंबर को मतदान होगा, जबकि 26 दिसंबर को वोटों की गिनती की जाएगी। राज्य चुनाव आयोग ने शुक्रवार को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही पूरे चंडीगढ़ में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। चुनाव आयुक्त डॉ. विजय देव ने यूटी गेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चुनाव की तारीखों की जानकारी दी।

इस बार चंडीगढ़ के 4,60,209 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव को पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए आयोग ने कई नई व्यवस्थाएं भी की हैं। खास बात यह है कि 576 मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग होगी। वहीं, चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार अधिकतम 7.5 लाख रुपये खर्च कर सकेंगे।

कब से भरे जाएंगे नामांकन?

चुनाव आयोग के मुताबिक नगर निगम चुनाव के लिए उम्मीदवार 26 नवंबर से अपने नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन जमा करने की अंतिम तारीख 3 दिसंबर निर्धारित की गई है। इसके बाद उम्मीदवारों को अपना नाम वापस लेने के लिए 7 दिसंबर तक का समय मिलेगा। चंडीगढ़ में 23 दिसंबर को मतदान होगा और 26 दिसंबर को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होते ही राजनीतिक दलों और संभावित उम्मीदवारों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

4.60 लाख वोटर्स करेंगे मतदान

इस बार चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में कुल 4,60,209 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें पुरुष, महिला और थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। आधिकारिक मतदाता सूची के अनुसार, 2,34,516 पुरुष, 2,25,671 महिला और 22 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। खास बात यह है कि इस बार 100 वर्ष से अधिक उम्र के 23 मतदाता भी अपने वोट का इस्तेमाल कर सकेंगे। चुनाव आयोग का प्रयास है कि वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

576 मतदान केंद्रों की होगी वेबकास्टिंग

इस बार चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए चुनाव आयोग ने पांच नई पहल की हैं। इसके तहत 576 मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग की जाएगी। इससे मतदान केंद्रों पर होने वाली गतिविधियों की निगरानी की जा सकेगी। इसके अलावा नगर निगम चुनाव ऐप के माध्यम से मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर लगी कतारों की जानकारी मिलेगी। इससे लोग घर से ही पता कर सकेंगे कि किस मतदान केंद्र पर कितनी भीड़ है। मतदाताओं की सुविधा के लिए चुनाव आयोग QR कोड की व्यवस्था भी करेगा। इसके जरिए मतदाता अपने मतदान केंद्र से जुड़ी जरूरी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

उम्मीदवार 7.5 लाख रुपये कर सकेंगे खर्च

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के लिए खर्च की सीमा भी निर्धारित की गई है। उम्मीदवार चुनाव प्रचार और अन्य चुनाव संबंधी गतिविधियों पर अधिकतम 7.5 लाख रुपये खर्च कर सकेंगे। उम्मीदवारों को अपने चुनावी खर्च का पूरा हिसाब रखना होगा। उन्हें निर्धारित नियमों के अनुसार खर्च का विवरण और जरूरी दस्तावेज चुनाव अधिकारियों के सामने प्रस्तुत करने होंगे। यह सीमा चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से चुनाव के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं पर लागू नहीं होगी।

  • TAGS
  • [post_tags]