कहा, युवती की मौत के बाद अस्पताल सुरक्षा व्यवस्था की खुली पोल
Delhi News Hindi (आज समाज), नई दिल्ली। गत दिनों दिल्ली के एक नामी अस्पताल में युवती का यौन शोषण होने के बाद हुई उसकी मौत के बाद दिल्ली की विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तंज कसा है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि यह बहुत ही दुखदायक और शर्मानाक घटना है जो दिल्ली की कानून व्यवस्था की तस्वीर पेश कर रही है।
उन्होंने कहा कि जो वादे करके भाजपा ने दिल्ली की सत्ता हथियाई है उनमें से एक प्रमुख वादा दिल्ली वासियों को सुरक्षित और भयमुक्त माहौल मुहैया कराना है। लेकिन आज दिल्ली के अस्पताल में एक मानसिक रूप से कमजोर युवती का योन शोषण किया जाता है और उसके बाद उसकी मौत हो जाती है यह समाज के नाम पर एक कलंक के समान है।
राजधानी में महिलाओं के खिलाफ बढ़े अपराध
देवेन्द्र यादव ने कहा कि राजधानी में दिल्ली में महिलाओं के अपराध कम होने की बजाय लगातार बढ़ रहे है जबकि केन्द्र और दिल्ली में भाजपा की सरकार है। भाजपा द्वारा चाकचैबंध कानून व्यवस्था का दावा करने के बावजदू राजधानी महिला अपराध में 134 प्रतिशत के साथ पहले नम्बर पर है। पुलिस द्वारा पहली तिमाही की जारी रिपोर्ट में महिलाओं से छेड़छाड़ 379 मामले और 370 बलात्कार जैसे जघन्य अपराध हुए है। यहां महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और बलात्कार की प्रतिदिन 4-5 घटनाएं हो रही हैं।
जिम्मेदारी से भाग रही भाजपा सरकार
यादव ने कहा कि क्या सरकारी अस्पतालों में बढ़ रही घटनाओं की भाजपा सरकार की कोई जिम्मेदारी नही है, जबकि पिछले सप्ताह ही दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने दिल्ली के अस्पतालों में सुरक्षा, बुनियादी सुविधाएं, स्वास्थ्य व्यवस्था सहित मरीजों के ईलाज और डॉक्टरों के आवास के संबंध में चिंता व्यक्त की थी। देवेन्द्र यादव ने कहा कि यह जांच का विषय है की महिला जगप्रवेश चन्द्र अस्पताल में भर्ती थी जहां उसके साथ यौन शोषण हुआ, जबकि उसकी मौत जीटीबी अस्पताल में हुई। पुलिस घटना के इस रुप को ध्यान में रखकर जांच क्यों नही कर रही है? सिर्फ आरोपी को पकड़ने से अस्पतालों में सुरक्षा की अव्यवस्था और बढ़ते अपराधों को छिपाया नहीं जा सकता है।
ये भी पढ़ें : Delhi Crime News : दिल्ली एयरपोर्ट पर अमेरिकी नागरिक से ठगी