कहा- दूसरे राज्यों के पब्लिक सर्विस कमीशन से सवालों को कॉपी किया
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए है। सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन हेराफेरी, धांधली और गड़बड़झाले का अड्डा है। सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन द्वारा 08 जून, 2025 को असिस्टैंट प्रोफेसर ज्योग्राफी की परीक्षा आयोजित की गई थी। इस पेपर में 26 सवाल ऐसे हैं, जो बिहार पब्लिक सर्विस कमीशन के ज्योग्राफी के पेपर से हूबहू नकल कर छाप दिए गए हैं और 6 सवाल ऐसे हैं, जो बिहार पब्लिक सर्विस कमीशन के पेपर से आंशिक रूप से दोहराए गए हैं।
कुल 32 सवाल बिहार पब्लिक सर्विस कमीशन के ज्योग्राफी पेपर से ले लिए गए हैं। इसी तरह असिस्टैंट प्रोफेसर हिस्ट्री के पेपर में भी 22 सवाल छत्तीसगढ़ के असिस्टैंट प्रोफेसर (हिस्ट्री) के पेपर से नकल मारकर लिख दिए गए। 16 सवाल उत्तराखंड सेट एग्जामिनेशन के हिस्ट्री पेपर में 7 जनवरी, 2024 को पूछे गए थे। हरियाणा में पेपर के नाम पर तमाशा हो रहा है।
बयानबाजी और ट्वीट करके कोई नेता नहीं बनता: बेदी
वहीं कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने रणदीप सुरजेवाला के बयान पर पलटवार किया। साथ ही बेदी ने सुरजेवाला को अपना संगठन बनाने पर ध्यान देने की नसीहत दे डाली। कहा कि, केवल बयानबाजी और ट्वीट करके कोई नेता नहीं बनता। कृष्ण बेदी ने सुरजेवाला को लेकर कहा कि, कुछ कहने में मोल और खर्चा थोड़े आता है। हरियाणा में पिछले 11 साल में मजबूत कानून व्यवस्था है। इससे पहले 10 साल तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार रही।
रणदीप सुरजेवाला उस सरकार मंत्री थे, उस समय के आंकड़े उठाकर देखे जाएं। प्रदेश के अंदर यह किस प्रकार का माहौल था, यह किसी से छिपा नहीं है। बेदी ने कहा कि रणदीप सुरजेवाला कोई भी बयान देने से पहले अपने गिरेबान में झांके। उनकी पार्टी 9 महीने के अंदर अपना नेता प्रतिपक्ष नहीं बना पाई, वे लोग सीएम नायब सैनी पर कटाक्ष कर रहे हैं?
ये भी पढ़ें : हरियाणा में 4 दिन तक बारिश के आसार