कांग्रेस बोली- यह गुस्सा जाहिर करने का तरीका
JNU Protest, (आज समाज), नई दिल्ली: जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी में पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ नारे लगे। नारों में छात्र कह रहे है, मोदी-शाह की कब्र खुदेगी। बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने दावा किया है कि जेएनयू में यह प्रदर्शन उमर खालिद-शरजील के समर्थन में हुआ। यह विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि राष्ट्रविरोधी विचारधारा का प्रसार है। कांग्रेस ने कहा है कि यह गुस्सा जाहिर करने का एक तरीका है।
जेएनयू स्टूडेंट्स यूनियन की अध्यक्ष अदिति मिश्रा ने कहा कि हर साल छात्र 5 जनवरी 2020 को कैंपस में हुई हिंसा की निंदा करने के लिए विरोध प्रदर्शन करते हैं। मिश्रा ने बताया कि विरोध प्रदर्शन में लगाए गए सभी नारे वैचारिक थे और किसी पर व्यक्तिगत हमला नहीं करते थे। वे किसी के लिए निर्देशित नहीं थे। दरअसल, एक दिन पहले 2020 दिल्ली दंगों की साजिश मामले में सुप्रीम कोर्ट ने उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत देने से इनकार किया था।
एफआईआर दर्ज करने की मांग
हालांकि, मंगलवार दोपहर को जेएनयू प्रशासन ने वसंत कुंज पुलिस को लेटर लिखा, जिसमें साबरमती हॉस्टल के बाहर नारे लगाने के लिए एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।
नारे लगाना लोकतांत्रिक विरोध के बिल्कुल खिलाफ
ऐसे नारे लगाना लोकतांत्रिक विरोध के बिल्कुल खिलाफ है, जेएनयू के कोड आॅफ कंडक्ट का उल्लंघन है, और इससे सार्वजनिक व्यवस्था, कैंपस में शांति और यूनिवर्सिटी के सुरक्षा माहौल को गंभीर रूप से नुकसान पहुंच सकता है। लगाए गए नारे साफ सुनाई दे रहे थे, जानबूझकर लगाए गए थे और बार-बार दोहराए जा रहे थे, जिससे यह पता चलता है कि यह कोई अचानक और अनजाने में की गई बात नहीं थी, बल्कि जानबूझकर और सोच-समझकर किया गया गलत काम था। यह अनुशासन, नियमों और यूनिवर्सिटी कैंपस के शांतिपूर्ण माहौल की जानबूझकर की गई अवहेलना है।
उमर खालिद और शरजील इमाम के साथ नाइंसाफी हुई
वहीं कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा, यह गुस्सा जाहिर करने का एक तरीका है। जेएनयू में 2020 दिल्ली दंगों की बड़ी साजिश मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ गुस्सा है। उमर खालिद और शरजील इमाम साथ ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि वे मुसलमान हैं। उनके साथ नाइंसाफी हुई है। सुप्रीम कोर्ट का फैसला बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।


