मुंबई में कपल से मारपीट पर किरीट सोमैया का बयान- ‘मराठी मुंबई को मुस्लिम मुंबई में नहीं बदलने देंगे’, जानें पूरा मामला

0
266

मुंबई के कुर्ला पश्चिम स्थित प्रमोद महाजन गार्डन में एक युवक-युवती के साथ बदसलूकी और मारपीट के मामले पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता किरीट सोमैया ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि मुंबई में इस्लामिक आतंकवाद को तेजी से बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है। सोमैया ने कहा कि हम मराठी मुंबई को मुस्लिम मुंबई में बदलने नहीं देंगे।

सोमैया ने दर्ज कराया मुकदमा

बीजेपी नेता ने कहा कि मैंने रात में घाटकोपर पुलिस स्टेशन से बात कर FIR दर्ज करा दी है। कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है, जबकि कुछ नाबालिगों को किशोर न्यायालय (जुवेनाइल कोर्ट) के सामने पेश किया गया है और उनके माता-पिता को भी बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में इस्लामीकरण 80 प्रतिशत तक है, तो वहीं हिंदुओं की सिर्फ 17 प्रतिशत ही है। उन्होंने दावा किया है कि यह रिपोर्ट अमेरिकी संस्थान ने दी। बीजेपी नेता का कहना है कि हम मराठी मुंबई को मुस्लिम मुंबई में बदलने की इस साजिश को कभी कामयाब नहीं होने देंगे।

8 नाबालिगों के खिलाफ FIR

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आठ नाबालिगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इसके अलावा पांच नाबालिगों के अभिभावकों को भी नोटिस जारी किए गए हैं।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, युवक और युवती प्रमोद महाजन उद्यान में घूमने गए थे। दोनों वहां तस्वीरें खींच रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद नाबालिगों के समूह ने कथित तौर पर उन पर अश्लील टिप्पणियां शुरू कर दीं। कपल ने जब इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद, लड़कों ने दोनों को घेरकर मारपीट शुरू कर दी। वीडियो में एक लड़का चप्पल जैसी वस्तु से युवक को मारता दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा लड़का लड़की के सिर पर लकड़ी या डंडे से हमला करता नजर आ रहा है।

  • TAGS
  • [post_tags]