Himachal News: हिमाचल में नशा तस्करों के खिलाफ जारी अभियान में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सिरमौर जिले में बड़ी कार्रवाई में दो अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। SIU नाहन की टीम ने एक मामले में 11.54 ग्राम स्मैक, जबकि दूसरे मामले में 1 किलो 125 ग्राम चरस बरामद की है।
स्मैक के साथ 2 गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक, SIU नाहन की टीम सैनवाला, मोगीनंद और कालाअंब क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान गुप्त सूचना मिली कि दो युवक मोगीनंद, कालाअंब और आसपास के क्षेत्रों में चिट्टा बेचने का अवैध कारोबार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और दोनों युवकों की तलाशी ली। इस दौरान उनके कब्जे से 11.54 ग्राम चिट्टा (स्मैक) बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पुलिस थाना कालाअंब में ND&PS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
युवकों से 1.12 किलो चरस बरामद
दूसरे मामले में, SIU नाहन की टीम सतौन बस स्टैंड के समीप गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ लोग शिलाई, सतौन और आसपास के क्षेत्रों में चरस बेचने का काम कर रहे हैं तथा मोटरसाइकिल पर कमरऊ की ओर से सतौन आ रहे हैं। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर कमरऊ की तरफ से आ रही मोटरसाइकिल को रोककर उस पर सवार दोनों युवकों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1 किलो 125 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पुलिस थाना पुरुवाला में ND&PS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
‘जारी रहेगा तस्करों के खिलाफ अभियान’
सिरमौर के एसपी एनएस नेगी ने दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि जिला पुलिस नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि दोनों मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


