Madras Highcourt On Karthigai Deepam Case, (आज समाज), चेन्नई: कार्तिगई दीपम मामले में मद्रास हाईकोर्ट ने तमिलनाड की स्टालिन सरकार को झटका दिया है। मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै एकल पीठ ने आज तिरुप्परनकुंड्रम पहाड़ी पर दरगाह के पास दीप जलाने को शर्त के साथ मंजूरी दे दी। जस्टिस जी जयचंद्रन और जस्टिस केके रामकृष्णन की पीठ ने फैसला सुनाते हुए कहा कि मुद्दे को अकारण राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।
आम लोगों को पहाड़ी पर नहीं होगी जाने की अनुमति
हाई कोर्ट ने अपने फैसले में यह भी कहा कि तिरुप्परनकुंड्रम पहाड़ी पर दीया जलाया जा सकता है, लेकिन दीया जलाते समय आम लोगों को पहाड़ी पर जाने की इजाजत नहीं होगी। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) इस बात पर निर्णय लेगा कि दीया जलाने के दौरान पहाड़ी पर कौन जाएगा। बता दें कि जस्टिस जी.आर. स्वामीनाथन की एकल पीठ ने पहले दीप जलाने की अनुमति दी थी। अब दोनों जजों की की पीठ ने फैसला बरकरार रखा है।
लंबे समय से चली आ रही धार्मिक परंपरा से जुड़ा है मामला
पीठ ने कहा कि तिरुप्परनकुंड्रम पहाड़ी पर दीप जलाने का मामला लंबे समय से चली आ रही धार्मिक परंपरा से जुड़ा है और बेवजह इसे सियासी रंग दिया गया है। उन्होंने कहा, जिला प्रशासन को इस केस को समुदायों के बीच समन्वय व संवाद के अवसर के तौर पर देखना चाहिए था। हिंदू तमिल पार्टी के नेता राम रविकुमार ने कोर्ट में याचिका दायर कर कार्तिगई दीपम त्योहार के दौरान पहाड़ी पर बने पत्थर के पिलर पर दीप जलाने की अनुमति देने की मांग की थी। जस्टिस स्वामीनाथन ने पिछले साल एक दिसंबर को उनकी याचिका को स्वीकार कर दीप जलाने का आदेश दिया था।
ये भी पढ़ें : Nepal News: बीरगंज में तनाव के बाद कर्फ्यू लागू, भारत में सुरक्षा कड़ी की गई


