Maharashtra News: मुंबई में 34 ‘मानव बम’ लगाने की धमकी, 14 पाकिस्तानी आतंकी भारत में घुसे

0
148
Maharashtra News: मुंबई में 34 'मानव बम' लगाने की धमकी, 14 पाकिस्तानी आतंकी भारत में घुसे
मुंबई पुलिस।

Mumbai Police Alert, (आज समाज), मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में आतंकी हमले की धमकी के बाद पुलिस सकते में है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई यातायात पुलिस (Mumbai Traffic Police ) को उनके अधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर शहर के कई वाहनों में बम रखे होने की धमकी मिली। आरोपी ने चेतावनी दी है कि अनंत चतुर्दशी पर हमलों को अंजाम दिया जाएगा।

आरडीएक्स से बड़े विस्फोट करने की धमकी

पुलिस के अनुसार खुद को ‘लश्कर-ए-जिहादी’ बताने वाले संगठन ने कहा है कि शहर भर के 34 वाहनों में 34 ‘मानव बम’ लगाए गए हैं और इसमें 400 किलोग्राम आरडीएक्स का इस्तेमाल किया जाएगा। पूरी मुंबई दहल जाएगी। संगठन का कहना है कि 14 पाकिस्तानी आतंकी भारत में घुस आए हैं।

आरोपी ने खुद को पाक आतंकी संगठन से जुड़ा बताया

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि धमकी भरे मैसेज के बाद मुंबई पुलिस सतर्क है और पूरे राज्य में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। संदेश भेजने वाले ने खुद को एक पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन से जुड़ा बताया है, जिससे धमकी की गंभीरता और बढ़ गई है।

गणेश उत्सव के चलते मुंबई में अधिक सतर्कता

पुलिस ने मुंबईवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की भी अपील की है। बता दें कि मुंबई में दस दिवसीय गणेश उत्सव मनाया जा रहा है और 6 सितंबर यानी अगले कल गणेश विसर्जन समारोह के साथ यह त्योहार समाप्त होगा। इस दौरान मूर्तियों को जल में विसर्जित किया जाएगा। गणेश उत्सव के अंतिम दिन शहर की सड़कों पर उमड़ने वाले लाखों लोगों के लिए पुलिस सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रही है।

ये भी पढ़ें: Manipur: केंद्र सरकार का कुकी समूहों के साथ मुक्त आवाजाही पर सहमति का दावा