अंतरिक्ष यात्रा करने के बाद पहली बार अपने गृह नगर लौट रहे हैं शुभांशु, सीएम करेंगे विशेष अभिनंदन
Shubhanshu Shukla (आज समाज), लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ अपने नायक गु्रप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के अभिनंदन के लिए पूरी तरह से तैयार है। पूरा शहर तिरंगे और शुभांशु के पोस्टरों से अटा पड़ा है। बच्चों से लेकर बूढ़ों तक में शुभांशु के लोटने का उत्साह है। ज्ञात रहे कि अंतरिक्ष यात्रा से लौटे ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला आज अपने गृहनगर लौटे रहे हैं। उनके मोहल्ले त्रिवेणीनगर में जश्न का माहौल है।
लखनऊ शहर में चारों ओर ‘शुभांशु- नेशनल हीरो’ के पोस्टर्स लगे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अभिनंदन करेंगे। उनके सम्मान में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से समारोह आयोजित किया जा रहा है। लखनऊ निवासी शुभांशु शुक्ला हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से सफल मिशन पूरा कर लौटे हैं।
अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचने वाले शुभांशु देश के पहले इंसान
अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचने वाले देश के पहले यात्री शुभांशु शुक्ला का सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अभिनंदन करेंगे। परिवार के सदस्य इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे। घर सजाने के साथ ही अपने लाल के स्वागत में घर के दरवाजों पर बंदनवार लगाए हैं। शुभांशु के पिता शंभू दयाल शुक्ला और मां आशा देवी ने कहा कि हम बेसब्री से बेटे का इंतजार कर रहे हैं। स्थानीय प्रशासन भी इस जश्न में शामिल हो रहा है। इसके लिए उसने घर के सामने की सड़क नई बना दी है।
शुभांशु अब सारे देश का बेटा
पिता शंभु दयाल शुक्ल ने संकेत दिया कि शुभांशु को तीन दिनों के लखनऊ प्रवास के दौरान घर के बजाय विशेष सुरक्षा में एक गेस्ट हाउस में ठहराया जाएगा। इसरो के निर्देश पर शुभांशु के सुरक्षा प्रोटोकॉल को देखते हुए उनका घर आना शायद संभव न हो। उन्होंने कहा कि शुभांशु अब सारे देश का बेटा है। आगे उन पर भारत के पहले मानव मिशन गगनयान जैसी बड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
ये भी पढ़ें : PM Modi Gujarat Visit : पीएम गुजरात को देंगे 54 सौ करोड़ की सौगात