Jind News : जाट धर्मशाला में बैठक करके 11 सदस्यीय कमेटी का किया गठन

0
135
Jind News : जाट धर्मशाला में बैठक करके 11 सदस्यीय कमेटी का किया गठन
बैठक करते हुए सर्वजातीय सर्वखाप पंचायत
  • 2014 से छोटूराम किसान शिक्षा समिति पर लगा है प्रशासक

Jind News(आज समाज) जींद। जाट धर्मशाला में शनिवार को सर्वजातीय सर्वखाप पंचायत मंच की बैठक सोमदत्त शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में छोटूराम किसान शिक्षा समिति का चुनाव करवाने पर चर्चा हुई। बैठक में सभी खाप प्रधानों ने कहा कि इस संस्था पर पिछले 11 सालों से प्रशासक लगा हुआ है। पहले कुछ अदालत में मामले होने के कारण चुनाव नहीं हो रहे थे। अब अदालत से मामले वापस ले लिए गए हैं तथा मतदाता सूची को भी सही कर लिया गया है। ऐसे में अब संस्था के चुनाव होने चाहिएं ताकि समाज का कोई व्यक्ति इसका प्रधान नियुक्त हो और संस्था सही तरीके से चले।

बैठक में कहा गया कि यह एक एडिड संस्था हैए इसलिए इसका चुनाव अधिकारी लगाने का अधिकार फर्म एंड सोसायटी रजिस्ट्रार के चंडीगढ़ आफिस को ही है। स्थानीय प्रशासन इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर सकता। इसलिए जल्द ही मुख्यमंत्री से मिल कर चुनाव अधिकारी लगवाकर चुनाव करवाए जाएंगे। इसके लिए पंचायत में 11 सदस्यीय कमेटी बनाई गई। यह कमेटी ही अब आगामी कार्रवाई करेगी।

संस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए चुनाव करवाना जरूरी 

सर्वजातीय सर्वखाप पंचायत मंच के प्रवक्ता उमेद सिंह जागलान ने कहा कि अब संस्था में किसी प्रकार की कोई कमी नही हैं, जो भी मतदाता सूची या अन्य चीजों को लेकर विवाद थे वह अब खत्म हो चुके हैं। ऐसे में संस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए अब प्रधान समेत अन्य कार्यकारिणी का चुनाव करवाना जरूरी है।

बैठक को माजरा खाप के प्रधान गुरविंदर सिंह संधू, कंडेला खाप प्रधान ओमप्रकाश कंडेला,  सूरजभान घसो, उझाना खाप के रोहताश, बलबीर सिंह चहल, बिजेंद्र सिंह मलिक, हरदीप सिंह दुहन, एडवोकेट रविंद्र सिंह ढांडा, बिनैण खाप से बलबीर सिंह अमरगढ़, कुंडू खाप से दिलबाग कुंडू, बूरा खाप से मास्टर रामचंद्र बूरा, खटकड़ खाप से हरिकेश खटकड़, नौगामा खाप प्रधान सुरेश बहबलपुर, बलराज कुंडू ने संबोधित किया। सभी ने जल्द से जल्द संस्था के चुनाव करवाने की बात पर जोर दिया।

यह भी पढे : Jind News : जिला स्तरीय कल्चरल फेस्ट का रंगारंग समापन