Asia Hockey Cup 2025 : हरमनप्रीत के नेतृत्व में भारतीय टीम एशिया कप के लिए तैयार

0
61
Asia Hockey Cup 2025 : हरमनप्रीत के नेतृत्व में भारतीय टीम एशिया कप के लिए तैयार
Asia Hockey Cup 2025 : हरमनप्रीत के नेतृत्व में भारतीय टीम एशिया कप के लिए तैयार

अपने ही देश में होगी टीम इंडिया के लिए हॉकी का एशिया चैंपियन बनने की चुनौती

Asia Hockey Cup 2025 (आज समाज), खेल डेस्क : करीब एक सप्ताह बाद एशिया कप हॉकी का आगाज भारत के बिहार में 29 अगस्त से शुरू होगा जोकि 7 सितंबर तक चलेगा। भारतीय हॉकी टीम एक बार फिर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन करने के लिए तैयार है। यह टूर्नामेंट एशियाई हॉकी की शक्ति और प्रतिस्पर्धा का भव्य प्रदर्शन होगा। मेजबान भारत से घरेलू दर्शकों के सामने दमदार प्रदर्शन की उम्मीद है।

निस्संदेह, बिहार प्रांत के राजगीर में यह सप्ताह हॉकी प्रेमियों के लिए ऐतिहासिक और रोमांचकारी साबित होगा। एशिया कप के लिए 18 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान किया गया जिसमें फॉरवर्ड शिलानंद लाकड़ा और दिलप्रीत सिंह ने अपनी जगह बरकरार रखी है।

एशिया कप विजेता को मिलेगा हॉकी विश्व कप में सीधा प्रवेश

ज्ञात रहे कि जो टीम भी एशिया कप जीत लेती है उसे अगले साल एफआईएच पुरूष विश्व कप में सीधे प्रवेश मिलेगा जो 14 से 30 अगस्त तक नीदरलैंड और बेल्जियम में होना है। ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह टीम के कप्तान हैं । राजिंदर सिंह, लाकड़ा और दिलप्रीत आस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय टीम का हिस्सा थे। राजिंदर को शमशेर सिंह की जगह चुना गया, जबकि लाकड़ा ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय हॉकी को अलविदा कहने वाले ललित उपाध्याय की जगह ली है।

दिलप्रीत को गुरजंत सिंह पर तरजीह मिली है। गोलकीपिंग का दारोमदार कृशन बी पाठक और सूरज करकेरा पर होगा। डिफेंस में हरमनप्रीत और अमित रोहिदास के साथ जरमनप्रीत सिंह, सुमित, संजय और जुगराज सिंह हैं। मिडफील्ड में मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद, राजिंदर, राज कुमार पाल और हार्दिक सिंह होंगे। फॉरवर्ड पंक्ति में मनदीप सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह, लाकड़ा और दिलप्रीत जिम्मा संभालेंगे। नीलम संजीप सेस और सेल्वम कार्ति को रिजर्व में रखा गया है।

भारत एशिया कप के पूल ए में शामिल

भारत को एशिया कप में जापान, चीन और कजाखस्तान के साथ पूल ए मिला है। भारतीय टीम 29 अगस्त को चीन के खिलाफ पहला मैच खेलेगी। इसके बाद 31 अगस्त को जापान और एक सितंबर को कजाखस्तान से खेलना है। टीम चयन के बारे में मुख्य कोच क्रेग फुल्टोन ने कहा, ‘हमने अनुभवी टीम चुनी है । विश्व कप क्वालीफिकेशन को देखते हुए एशिया कप हमारे लिए महत्वपूर्ण है लिहाजा हमें दबाव में अच्छा खेलने वाले खिलाड़ी चाहिए।’