30 नवंबर को आईपीएस से होगी जीजेयू पूर्व रजिस्ट्रार देवेंद्र कासनियां की बेटी आरजू की शादी
Sirsa News, (आज समाज), सिरसा: हरियाणा के सिरसा में घोड़ी पर बैठाकर बेटी की बनौरी निकाली गई। वैसे तो यह रस्म लड़कों के लिए होती है, लेकिन लड़की की बनौरी निकालकर बेटा-बेटी समानता का संदेश दिया गया। दरअसल सिरसा जिले के गांव नाथूसरी कलां निवासी गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) हिसार के पूर्व रजिस्ट्रार देवेंद्र कासनियां की बेटी आरजू की शादी आईपीएस अधिकारी सुधीर से तय हुई है। 30 नवंबर को सुधीर और आरजू शादी के बंधन में बंध जाएंगे। शादी से पहले आरजू की अनोखी बनौरी निकाली गई। आरजू को घोड़ी पर बैठाकर बनौरी की रस्म पूरी की गई।
अब लोगों की सोच बदल रही
आरजू के चाचा अनिल कासनियां ने कहा कि आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। शिक्षा और जागरूकता के कारण अब रूढ़िवादी परंपराओं को लोग धीरे-धीरे छोड़ रहे हैं। पहले बेटियों को बोझ समझा जाता था, लेकिन अब लोगों की सोच बदल रही है।
परिजनों ने डीजे पर नाच-गाकर खुशी मनाई
आरजू के चाचा अनिल कासनियां ने बताया कि इस दिन को यादगार बनाने के लिए उन्होंने यह अनूठा कदम उठाया। परिवार के सदस्यों ने डीजे पर नाच-गाकर खुशी मनाई। आरजू ने कहा कि मेरे माता-पिता ने हमेशा मुझे उसी तरह सहेजा और सम्मान दिया, जैसे किसी बेटे को दिया जाता है।


