
आॅक्सफोर्ड के बॉलियोल कॉलेज की ओर से मिला आॅफर, 25 लाख की स्कॉलरशिप भी मिली
Kautilya Pandit Google Boy, (आज समाज), करनाल: हरियाणा के करनाल के रहने वाले कौटिल्य पंडित उर्फ गूगल बॉय आगे की पढ़ाई करने के विदेश जाएंगे। इंग्लैंड की आॅक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से कौटिल्य पंडित पढ़ाई का आॅफर मिला है। वह अक्टूबर से आॅक्सफोर्ड के बॉलियोल कॉलेज से मास्टर आॅफ फिजिक्स की पढ़ाई शुरू करेंगे। पढ़ाई के लिए कौटिल्य पंडित को 25 लाख रुपए की स्कॉलरशिप भी मिली है। गूगल बॉय जहां पर रहकर आॅक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से ब्रह्मांड विज्ञान (कॉस्मोलॉजी), प्लाज्मा फिजिक्स, डार्क मैटर, पार्टिकल थ्योरी और एआई फॉर ह्यूमैनिटी में रिसर्च करेंगे।
अभी कौटिल्य की उम्र महज 17 साल है। कौटिल्य ने जीडी गोयनका स्कूल से 12वीं पास की है। गौरतलब है कि कौटिल्य पंडित 5 साल की उम्र में दुनिया भर के देशों की कैपिटल, करेंसी, जनसंख्या और भौगोलिक विवरणों को याद कर गूगल बॉय के तौर पर मशहूर हो गए थे। इसी उम्र में फेमस टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति में अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर भी बैठे थे।
मानचित्रों का संग्रह कुछ ही देर में किया याद
कौटिल्य पंडित साल 2007 में करनाल के कोहंड गांव में हुआ। दादा जय किशन शर्मा प्रसिद्ध शिक्षाविद रहे हैं। सोनीपत के शंभू दयाल स्कूल में पढ़ाते थे। कौटिल्य करीब 4-5 साल का था। स्कूल में टीचर से मिली एटलस (मानचित्रों का संग्रह) को कुछ देर में ही याद कर लिया। बस यहीं से दादा ने बच्चे की प्रतिभा पहचान ली।
कौन बनेगा करोड़पति से मिली प्रसिद्धि

साल 2013 में 5 साल की उम्र में कौटिल्य को कौन बनेगा करोड़पति से बुलावा आया। अमिताभ बच्चन ने खुद गोद में उठाकर हॉट सीट पर बैठाया। इससे रातों-रात प्रसिद्धि मिल गई। उनकी इसी विलक्षण क्षमता के कारण उन्हें बाल मानुषी (बाल कौतुक) की उपाधि मिली। तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने उन्हें 10 लाख का पुरस्कार दिया। कई स्कूलों ने अपने यहां पढ़ाने का आॅफर दिया।
खुद 8वीं, 9वीं व 11वीं के बच्चों को पढ़ाई फिजिक्स-केमिस्ट्री
कौटिल्य स्कूल की पढ़ाई के दौरान मोटिवेशनल स्पीकर बने। कोविड महामारी के दौरान पिता सतीश कुमार के स्कूल में दो महीने में ही 9वीं व 11वीं के बच्चों को फिजिक्स-केमिस्ट्री का पूरा सिलेबस कवर करवा दिया। तब कौटिल्य खुद 8वीं के छात्र थे।
आईक्यू लेवल 130 से 150
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के मनोविज्ञान विशेषज्ञों ने परीक्षण के बाद घोषणा की कि कौटिल्य पंडित का बुद्धि का स्तर यानी आईक्यू लेवल 130 से 150 के बीच की रेंज में है। यह लेवल असाधारण माना जाता है और गिफ्टेड से लेकर जीनियस श्रेणी में आता है। महान वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन का कद 160 के आस-पास माना जाता है।
100 से ज्यादा ग्रंथ-प्राचीन पुस्तकें पढ़ चुके, चाणक्य आदर्श को मानते है आदर्श
कौटिल्य पंडित ने अब तक 100 से अधिक किताबें पढ़ी हैं। इनमें ग्रंथ, विज्ञान, इतिहास, समाज दर्शन और लोकप्रिय विज्ञान से जुड़ी पुस्तकें शामिल हैं।
कौटिल्य प्राचीन भारत के महान अर्थशास्त्री चाणक्य को अपना आदर्श मानते हैं और उन्हीं की तरह तेज बुद्धि वाला व्यक्ति बनने की चाह रखते हैं।