Punjab Flood Situation : पंजाब में बाढ़ की स्थिति गंभीर, नाव बनी लोगों का सहारा

0
77
Punjab Flood Situation : पंजाब में बाढ़ की स्थिति गंभीर, नाव बनी लोगों का सहारा
Punjab Flood Situation : पंजाब में बाढ़ की स्थिति गंभीर, नाव बनी लोगों का सहारा

अमृतसर सहित प्रदेश के छह जिलों में स्कूल बंद, लाखों एकड़ फसल बाढ़ के चलते हुई तबाह

Punjab Flood Situation (आज समाज), चंडीगढ़ : पहाड़ों में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते सभी डैम का पानी खतरे के निशान को छू रहा है। डैम का पानी छोड़े जाने से पंजाब के दर्जनभर जिले बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। खेतों के साथ-साथ गांवों में भी कई फीट तक पानी भर गया है। दर्जनों गांवों का संपर्क टूट गया है और नाव लोगों के आने जाने का सहारा बन रही है। वहीं अभी भी रणजीत सागर डैम और भाखड़ा बांध का जलस्तर बढ़ने से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है।

रावी उफान पर आने से पठानकोट, गुरदासपुर में बाढ़

रणजीत सागर डैम से छोड़े गए पानी की वजह से रावी उफान पर है। जिससे पठानकोट में हालात बिगड़ गए हैं। गुरदासपुर में मकोड़ा पत्तन के 7 गांवों का संपर्क देश से टूट गया है। वहीं, भाखड़ा डैम से छोड़े गए पानी का असर सतलुज में देखने को मिल रहा है। हालांकि अभी सतलुज का जलस्तर भी बढ़ता जा रहा है। तरनतारन, फिरोजपुर व फाजिल्का इलाकों में हरिके हैड वर्क्स से छोड़े गए पानी का असर देखने को मिला है।

बारिश ने भी बिगाड़े हालात

बारिश से बिगड़ते हुए हालात देख जालंधर, कपूरथला, पठानकोट व गुरदासपुर जिलों के साथ-साथ अमृतसर के अजनाला व रईया ब्लॉक के स्कूलों में आज छुट्टी कर दी गई है। फाजिल्का के बाढ़ग्रस्त 20 गांवों के स्कूल अगले आदेशों तक बंद कर दिए गए हैं। पंजाब में आज (26 अगस्त) भारी बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के 9 जिलों के लिए तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

सरकार करवाएगी विशेष गिरदावरी

पंजाब सरकार ने यह घोषणा की है कि प्रदेश के सभी बाढ़ग्रस्त एरिया की विशेष गिरदावरी करवाई जाएगी। इतना ही नहीं लोगों को हुए उनके नुकसान का पूरा मुआवजा भी दिया जाएगा। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज राज्य में बाढ़ के कारण लोगों को हुए हर तरह के नुकसान के लिए उचित मुआवजा देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में ऐसी प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से बचने के तरीकों पर भी विचार किया जाएगा। कपूरथला जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों के तूफानी दौरे के दौरान, लोगों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य में यह स्थिति उत्पन्न हुई है।

ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : पंजाब में स्वास्थ्य, शिक्षा क्षेत्रों में क्रांतिकारी बदलाव आया : मान