Firozpur Crime News : फिरोजपुर पुलिस ने हत्यारोपी का किया एनकाउंटर

0
64
Firozpur Crime News : फिरोजपुर पुलिस ने हत्यारोपी का किया एनकाउंटर
Firozpur Crime News : फिरोजपुर पुलिस ने हत्यारोपी का किया एनकाउंटर

नवीन अरोड़ा कत्ल केस में पुलिस कस्टडी में था आरोपी बादल, हथियार बरामदी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग, धुंध का फायदा उठाकर दो आरोपी हथियार छोड़कर भागे

Firozpur Crime News (आज समाज), फिरोजपुर : फिरोजपुर पुलिस ने अपराध पर नकेल कसते हुए उस समय बड़ी सफलता हासिल की जब नवीन अरोड़ा हत्या केस के मुख्य आरोपी, जिसकी पहचान बस्ती भट्टियां निवासी बादल के रूप में हुई है, को गांव महामुजोहीआ में पुलिस पार्टी और उसके साथियों के बीच हुई गोलीबारी के दौरान ढेर कर दिया गया है।

डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल आॅफ पुलिस (डीआईजी) फिरोजपुर रेंज हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि फिरोजपुर पुलिस ने बुधवार को संदिग्ध बादल को गिरफ़्तार किया था और पूछताछ के दौरान उसने अपने दो साथियों राजू और सोनू के बारे में जानकारी दी। दोनों उसे गुरुवार सुबह करीब 5 बजे गांव महामुजोहीआ के टोल प्लाजा के पास स्थित श्मशानघाट से फरार करवाकर राजस्थान ले जाने वाले थे। बादल ने यह भी दावा किया था कि उसने वहीं हथियार छिपाए थे।

हथियार बरामदगी के दौरान हुई मुठभेड़

पुलिस अधिकारी ने बताया कि बादल के खुलासे पर पुलिस टीम उसे श्मशानघाट लेकर जा रही थी, जहां उसके दोनों साथी छिपे हुए थे। पुलिस पार्टी को देखते ही उन्होंने बादल को छुड़ाने के इरादे से पुलिसकर्मियों पर गोलियां चला दीं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी बादल गोली लगने से घायल हो गया। इलाज के लिए उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस केस के तीन आरोपी जेल में बंद

जानकारी अनुसार, फिरोजपुर पुलिस ने नवीन अरोड़ा की हत्या के संबंध में पहले ही तीन आरोपियों हर्ष, कनव और गुरसिमरन सिंह उर्फ जतिन उर्फ काली को गिरफ्तार कर लिया था। ये सभी आरोपी फिरोजपुर की बस्ती भट्टियां के रहने वाले हैं। उल्लेखनीय है कि 15 नवंबर 2025 को नवीन अरोड़ा की अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

मुठभेड़ के दौरान एक हेड कांस्टेबल भी हुआ घायल

उन्होंने बताया कि गोलीबारी के दौरान हेड कांस्टेबल बलौर सिंह भी घायल हो गया और एक गोली कांस्टेबल गुरमीत सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। उन्होंने आगे बताया कि घनी धुंध और अंधेरे का फायदा उठाते हुए दो अज्ञात हमलावर भागने में सफल हो गए।

ये भी पढ़ें : Punjab Crime News : बटाला में मुठभेड़ के बाद गैंगस्टर काबू