शनिदेव जीवन से दुर्भाग्य करेंगे दूर
Shaniwar Upaay, (आज समाज), नई दिल्ली: शनिवार का दिन शनिदेव को समर्पित माना गया है। ऐसे में शनिवार को विधि-विधान से शनिदेव की पूजा अवश्य करनी चाहिए। जिसमें काले तिल का प्रयोग करने का विधान भी बताया गया है। वहीं, इस शनिवार को एकादशी का उत्तम संयोग भी बन रहा है। ऐसे में अगर आप शनि दोष का सामना कर रहे हैं या जीवन में एक के बाद एक समस्याएं आ रही हैं तो शनिवार को काले तिल के उपाय करके देख सकते हैं।
इससे तरक्की मिलती है और धन में भी वृद्धि हो सकती है। अगर आप शनिदोष के चलते जीवन में लगातार समस्याओं का सामना कर रहे हैं, तो इसके लिए शनिवार को काले तिल से जुड़े कुछ विशेष और सरल उपाय आजमा सकते हैं।
उपाय
- शनिवार के दिन स्नान करने के जल में आधा आंवला और थोड़े काले तिल मिला लें। अब इस पानी से नहाएं और साथ ही, गंगे च यमुने चैव गोदावरी सरस्वती, नर्मदे सिन्धु कावेरि जलेऽस्मिन् सन्निधिं कुरु। मंत्र का जाप करते हुए स्नान करें। इस उपाय को करने से अरोग्य की प्राप्ति होती है और पापों से भी मुक्ति मिल सकती है। साथ ही, इससे जीवन में सुख-समृद्धि के संयोग बनेंगे और भाग्य चमकने के रास्ते भी खुल सकते हैं।
- इस शनिवार को एकादशी का भी शुभ संयोग बन रहा है। ऐसे में अगर आप इस दिन काले तिल का विशेष उपाय कर लें तो इससे शनिदेव के साथ-साथ विष्णुजी की भी कृपा प्राप्त हो सकती है। इसके लिए काले तिल, शहद और घी को एक साथ मिलाकर ऐते तिला: ओ भगवान विष्णु नम: समर्पियामि बोलते हुए भगवान विष्णु को 11 बार अर्पित करें। इस उपाय को करने से जातक को जीवन में चल रही समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है और घर में भी सुख-शांति बनी रहती है।
- शनिवार के दिन काले तिल का खास महत्व होता है। इस दिन जल में काले तिल मिलाकर उसका सेवन करना बहुत फलदायी माना जाता है। मान्यता है कि ऐसा करने से शरीर की शुद्धि होती है और पापों का भी नाश हो सकता है। साथ ही, इस दिन आप काले तिल के लड्डू बनाकर भगवान विष्णु को भी अर्पित कर सकते हैं। बाद में लड्डू को प्रसाद के रूप में स्वयं भी ग्रहण करें। इस उपाय को करने से जातक को धन संबंधी समस्याओं से राहत मिल सकती है और जीवन में तरक्की हासिल होती है।
- अगर आप शनि के बुरे प्रभावों का सामना कर रहे हैं और बनते हुए कार्य भी बार-बार बिगड़ रहे हैं तो शनिवार को एक सरल उपाय आजमा सकते हैं। इसके लिए सुबह स्नानादि करने के बाद शनिदेव की विधि-विधान से पूजा करें और सरसों का तेल भी जरूर अर्पित करें। इसके बाद, किसी गरीब या जरूरतमंद व्यक्ति को सवा किलो तिल का दान करें। इस उपाय को करने से जातक को शनि दोष से राहत मिल सकती है और शनिदेव की कृपा से कारोबार में उन्नति प्राप्त हो सकती है।
- एकादशी पर भगवान विष्णु की विधि-विधान से पूजा की जाती है। साथ ही, इस दिन शनिवार पड़ने से शनिदेव की पूजा करने का भी विधान होता है। ऐसे में रात के समय एक तिल का अखंड दीपक मंदिर में विष्णु भगवान के सामने जरूर जलाएं। ऐसा करने से भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है और करियर में आने वाली समस्याओं से भी आपको छुटकारा मिल सकता है। शनिवार को इन उपायों को करने से जातक को धन संबंधी समस्याओं से भी मुक्ति मिल सकती है और धन-धान्य में वृद्धि होती है।
ये भी पढ़ें: उत्पन्ना एकादशी पर राशि अनुसार करें इन मंत्रों का जाप


