Karnal Firing: करनाल में बाइक सवार बदमाशों ने म्यूजिक कंपनी के आॅफिस पर की फायरिंग

0
218
Karnal Firing: करनाल में बाइक सवार बदमाशों ने म्यूजिक कंपनी के आॅफिस पर की फायरिंग
Karnal Firing: करनाल में बाइक सवार बदमाशों ने म्यूजिक कंपनी के आॅफिस पर की फायरिंग

आज सुबह करीब 5 बजे की घटना, 55 राउंड की फायरिंग
Karnal Firing, (आज समाज), करनाल: हरियाणा के करनाल में आज सुबह करीब 5 बजे बाइक सवार 3 बदमाशों द्वारा एक म्यूजिक कंपनी के आॅफिस पर फायरिंग करने का मामला प्रकाश में आया है। बदमाशों ने करीब 55 राउंड फायरिंग की। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। फायरिंग की इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बदमाशों की धरपकड़ के लिए नाकेबंदी की गई है। बिल्डिंग और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।

साथ ही कंपनी के मालिक से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीम को मौके से गोलियों के कई खोल बरामद हुए हैं। फिलहाल धमकी या फिरौती मांगने जैसी कोई बात सामने नहीं आई है, लेकिन फायरिंग की मात्रा को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

अल्फा सिटी में है आॅफिस

प्राप्त जानकारी अनुसार करनाल की अल्फा सिटी में मकान नंबर 1244 में सागा म्यूजिक कंपनी का आॅफिस है। कंपनी के मालिक का नाम सुमित सिंह हैं। बुधवार सुबह लोगों ने गोलियां चलने की आवाज सुनी। इसके बाद पुलिस अधिकारियों को घटना की सूचना दी गई। तुरंत एसपी गंगाराम पूनिया, डीएसपी राजीव, सदर थाना प्रभारी तरसेम सिंह समेत फोरेंसिक टीम जांच के लिए पहुंची।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

अल्फा सिटी के एंट्री और एग्जिट गेट पर हर समय सिक्योरिटी गार्ड तैनात रहते हैं। इसके बावजूद बड़ी आसानी से बदमाश म्यूजिक कंपनी पर फायरिंग करके वापस चले गए। पुलिस एंट्री गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे और कर्मचारियों से भी पूछताछ कर सकती है।