- गर्मी के मौसम में शीतल जल प्रबंधन करना पुनीत कार्य: एसडीएम
(Bhiwani News) लोहारू। शनिवार को प्रयास-एक कोशिश सामाजिक संगठन द्वारा संगठन के 9 वें स्थापना दिवस पर सब फायर स्टेशन में वाटर कूलर लगाया गया। इस कार्य का शुभारंभ एसडीएम मनोज दलाल ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में ठंडे जल का प्रबंध करना पुनीत कार्य है और हमें इस प्रकार के सामाजिक कार्यों में सहयोग करना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष प्रदीप कुमार तायल ने की।
उन्होंने कहा कि प्रयास-एक कोशिश सामाजिक संगठन पिछले कई वर्षों से अपनी सामाजिक जिम्मेदारी को निभा रहा है और अन्य साथियों के लिए प्रेरणा का कार्य कर रहा है। संगठन के सभी सदस्य जो पिछले 9 वर्षों से सामाजिक कार्य कर रहे हैं इसके लिए बधाई के पात्र हैं। नपा चेयरमैन प्रदीप तायल ने कहा कि मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है और समाज हित के कार्यों में हम सभी को बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए। प्रयास संगठन विभिन्न सामाजिक गतिविधियों को संचालित कर रहा है जिसका लाभ आमजन को मिलता है।
नगरपालिका इस प्रकार के सामाजिक कार्यों में हरसंभव सहयोग के सदैव तत्पर है। वॉटर कूलर के उद्घाटन के बाद फायर स्टेशन परिसर में एसडीएम मनोज कुमार दलाल, नगरपालिका अध्यक्ष प्रदीप कुमार तायल व अन्य सदस्यों ने पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। स्टेट अवॉर्डी प्रवक्ता श्याम सुंदर सांगवान ने इस कार्य को समाज हित का कार्य बताते हुए संगठन के कार्यों की प्रशंसा की। कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए प्रधान महेन्द्र कथूरिया, संस्थापक मास्टर पवन स्वामी और कोषाध्यक्ष डॉ. उमेद जांगिड़ ने बताया कि उनका संगठन पिछले नौ सालों से प्रतिभा सम्मान, खुशियों की दीवार, नि:शुल्क बुक बैंक, पौधारोपण, जल संरक्षण, पक्षियों के लिए परिंडा अभियान जैसे अनेकों अभियान चला रहा है जिन्हें आमजन और गणमान्य लोगों का भरपूर सहयोग मिलता है।
वॉटर कूलर लगाकर आमजन को समर्पित किया
वॉटर कूलर लगाकर आमजन को समर्पित किया है उसका लाभ आसपास की बस्ती में रहने वाले लोगों को मिलेगा। भविष्य में भी समाज हित के कार्य लगातार जारी रहेंगे। कार्यक्रम में पार्षद अशोक सैनी, पार्षद अजय शर्मा, पार्षद सुनील सोलंकी, पार्षद अंतर सिंह, पार्षद प्रतिनिधि नरेश बड़सीवाल, पार्षद प्रतिनिधि रामबीर, पार्षद प्रतिनिधि अश्वनी सैनी, पूर्व सब इंस्पेक्टर मन्नूराम स्वामी भी शामिल हुए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संगठन सदस्य अजय शर्मा, सरपंच राकेश शर्मा, अमित वालिया, रविन्द्र कसवां, मास्टर प्रवेश श्योराण, कुलदीप स्वामी, शशि जैन, रिंकू प्रजापत, मास्टर राजेश वर्मा, एसएसजे फाउंडेशन से अनिल जोशी, शहीद भगत सिंह कल्याण समिति प्रधान जगदीश जायलवाल ने अपना योगदान दिया।
यह भी पढ़े : Sirsa News : जेजेपी के प्रदेश कोषाध्यक्ष अंजनी लढा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय चौटाला का लिया आशीर्वाद