Commonwealth Games 2030, (आज समाज), नई दिल्ली : कॉमनवेल्थ गेम्स फेडरेशन द्वारा आधिकारिक तौर पर भारत को 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी सौंपना एक ऐतिहासिक क्षण है। देश के लिए गर्व की बात है कि 20 साल बाद भारत को 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी का अधिकार मिल गया है।
गुजरात के अहमदाबाद में ये खेल कराए जाएंगे
उल्लेखनीय है कि गुजरात के अहमदाबाद में ये खेल कराए जाएंगे। दरअसल, 2010 के बाद यह पहला मौका है, जब भारत इन खेलों की मेजबानी करेगा। 2010 में नई दिल्ली में इन खेलों का आयोजन कराया गया था। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने मेजबानी मिलने पर खुशी जाहिर की कहा कि भारत उस पर दिखाए गए विश्वास के लिए सभी का आभारी है।
राष्ट्र के लिए गौरव का प्रतीक
कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स जनरल असेम्बली की ग्लासगो (स्कॉटलैंड) में आयोजित बैठक में अहमदाबाद को 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों (CWG) के आयोजन का औपचारिक अधिकार दिया गया। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने इस उपलब्धि को भारतीय खेलों के लिए विशाल क्षण बताते हुए इसे राष्ट्र के लिए गौरव का प्रतीक बताया है।
पीटी उषा ने भारत को मेजबानी का अवसर मिलने पर खुशी जाहिर की
वहीं भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने भारत को मेजबानी का अवसर मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ‘भारत’ पर दिखाए गए विश्वास के लिए सभी का आभार। उन्होंने आगे कहा, राष्ट्रमंडल खेलों द्वारा भारत पर दिखाए गए विश्वास से हम बेहद सम्मानित और गौरान्वित महसूस कर रहे हैं। 2030 के खेल न केवल राष्ट्रमंडल मूवमेंट के 100 साल पूरे होने का जश्न मनाएंगे, बल्कि अगली सदी की नींव भी रखेंगे। ये खेल पूरे राष्ट्रमंडल एथलीटों, समुदायों और संस्कृतियों को मित्रता और प्रगति की भावना से एक साथ लाएंगे।
पिछले महीने राष्ट्रमंडल खेल कार्यकारी बोर्ड ने अहमदाबाद में इन खेलों के आयोजन की सिफारिश की थी
जानकारी मुताबिक ग्लास्गो में बुधवार को हुई राष्ट्रमंडल खेल आमसभा की बैठक के दौरान भारत को 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी आधिकारिक तौर पर सौंपी गई है। कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स जनरल असेंबली की बैठक में 74 सदस्य देशों ने भारत के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकार किया। बता दें कि पिछले महीने राष्ट्रमंडल खेल कार्यकारी बोर्ड ने अहमदाबाद में इन खेलों के आयोजन की सिफारिश की थी। प्रयास के बाद अब बैठक में इस सिफारिश को अंतिम मंजूरी मिल गई है। जानकारी मुताबिक अहमदाबाद के अलावा नाइजीरिया का अबुजा भी इस मेजबानी की दौड़ में शामिल था, लेकिन इसमें भारत ने बाजी मार ली है।


