Natural Farming: प्राकृतिक खेती कर सालाना 16 लाख रुपए कमा रहा कैथल का किसान

0
81
Natural Farming: प्राकृतिक खेती कर सालाना 16 लाख रुपए कमा रहा कैथल का किसान
Natural Farming: प्राकृतिक खेती कर सालाना 16 लाख रुपए कमा रहा कैथल का किसान

देसी कीटनाशक अपनाया, किसानों को दे रहा ट्रेनिंग
Natural Farming, (आज समाज), कैथल: हरियाणा के कैथल जिले के बाता के प्रगतिशील किसान जोनी राणा ने 2016 से प्राकृतिक खेती को अपनाया। 39 वर्षीय जोनी अब धान की डीएसआर विधि, दालों की आॅन-बेड प्लांटिंग और पशुओं के लिए प्राकृतिक चारा तक सब देशी तरीके से करते हैं। उनके अनाज की दिल्ली, गुरुग्राम व चंडीगढ़ के बड़े ब्रांड एडवांस बुकिंग करते हैं।

पिता की कैंसर से हुई मौत

जोनी ने बताया कि 2015 में पिता की कैंसर से मौत हो गई। उस समय वह बीए की पढ़ाई करते थे। पिता शाकाहारी थे, लेकिन फिर भी उनको कैंसर हो गया। विशेषज्ञों ने बताया कि कैमिकल युक्त भोजन हमें गंभीर बीमारियां देता है। इसके बाद 2016 में जहर मुक्त खेती की शुरूआत की।

10 एकड़ में प्राकृतिक खेती

जोनी 10 एकड़ में प्राकृतिक खेती करते हैं, जिसमें से 8 एकड़ में डीएसआर विधि से धान और गेहूं, 1 एकड़ में दालें और 1 एकड़ में चारा उगाते हैं। जोनी के पास 12 भैंसें, 4 गाय और एक नुकरी ब्रीड की घोड़ी भी है।

देसी कीटनाशक का उपयोग

जोनी खुद देशी तरीके से कीटनाशक तैयार करते हैं। इसमें नीम के पत्ते, लहसुन, प्याज, आक, गाय का गोबर व गोमूत्र से लेकर ऐसी जड़ी बूटियां शामिल होती हैं, जो कम खर्च में उपलब्ध होती हैं।

क्वालिटी पर जोर

जोनी का मानना है कि अनाज के उत्पादन पर जोर दिया जा रहा है, लेकिन उसकी क्वालिटी पर नहीं, जबकि किसानों को क्वालिटी की ओर लौटने की जरूरत है। जोनी खेती से पैसा कमाने के बजाय किसानों को प्रेरित करने का काम ज्यादा करते हैं।

खेती पाठशाला से किसानों को ट्रेनिंग

उन्होंने गांव में श्री हरि खेती पाठशाला ग्रुप बनाया है, जिसमें 1 हजार से ज्यादा किसानों को प्राकृतिक खेती की ट्रेनिंग दी जा चुकी है और लोग ने इसको अपना चुके हैं। वह आने वाले दिनों में 35 एकड़ जमीन पर बागवानी की तैयारी भी कर रहे हैं।

मुनाफे की खेती

जोनी राणा बताते हैं कि वह 8 एकड़ में प्राकृतिक खेती के जरिए धान, गेहूं व दाल से 16 लाख रुपए सालाना कमाते हैं, जबकि रासायनिक खेती के मुकाबले इसकी कमाई दोगुनी है और खर्च आधे से भी कम है।

प्रति एकड़ 10-12 क्विंटल धान का उत्पादन होता है, जो मार्केट में 8 से 10 हजार प्रति क्विंटल भाव में बिकती है। प्रति एकड़ 10 से 13 क्विंटल तक गेहूं का उत्पादन होता है, जो बाजार में 7 से 9 हजार रुपए प्रति क्विंटल के भाव से बिकती है, जबकि रासायनिक खेती की फसलों की कीमत मार्केट में इससे आधी से भी कम होती है।