
यमुनानगर, करनाल व कुरुक्षेत्र में दिया लूट की वारदात को अंजाम
Haryana-Punjab News (आज समाज) कुरुक्षेत्र: हरियाणा के यमुनानगर, करनाल व कुरुक्षेत्र में शराब के ठेकों पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के 3 सदस्यों को कुरुक्षेत्र की सीआईए 2 ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरोह के 2 सदस्य अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। आरोपी रात के समय ठेके पर अकेले व्यक्ति को देखकर वारदात को अंजाम देते थे। ठेके में मौजूमद व्यक्ति के साथ मारपीट कर उसके हाथ-पांव बांधकर लूटपाट करने के बाद आरोपी फरार हो जाते थे।
पंजाब के संगरूर के रहने वाले कुलवंत शर्मा ने भांजे और भतीजे के साथ बनाई लूट की योजना
सीआईए-2 के मुताबिक जिला संगरूर के रहने वाले कुलवंत शर्मा उर्फ बंटी करीब 6 महीने पहले विदेश से लौटा था। आरोपी पहले शराब का खुर्दा चलाता था। विदेश से आने के बाद उसे पैसे की तंगी हुई तो उसने ठेकों से शराब लूटकर खुर्दे पर बेचने की योजना बनाई। इसके लिए उसने अपने भांजे यशल शर्मा उर्फ यश और भतीजे विकल्प उर्फ मोनू को अपने साथ मिला लिया।
पंजाब में भी लूटपाट की कई वारदातों को दिया अंजाम
बंटी अपने साथियों को गोवा लेकर गया, जहां उसने लूट की योजना बनाई। योजना के बाद आरोपियों ने करनाल के निसिंग, यमुनानगर और पंजाब में लूट की कई वारदात को अंजाम दिया। जिला करनाल और यमुनानगर में आरोपियों ने गन प्वाइंट पर लूटपाट की थी। उसके बाद आरोपियों ने कुरुक्षेत्र के पिहोवा के मोहनपुर गांव में ठेके पर वारदात की, जिसके बाद आरोपी पकड़े गए।
बंटी पर सिरसा में भी धोखाधड़ी का केस दर्ज
सीआईए-2 के इंचार्ज मोहन लाल ने बताया कि आरोपी वारदात में इस्तेमाल गाड़ी सिरसा से लेकर आए थे। गाड़ी भी उन्होंने धोखाधड़ी से हासिल की थी। आरोपी बंटी ने गाड़ी वाले को विदेश भेजने का झांसा दिया था। उसके झांसे में आकर पीड़ित गाड़ी और कुछ कैश आरोपी को दिया था। सिरसा में आरोपी पर धोखाधड़ी का केस चल रहा है।
यह सामान हुआ बरामद
आरोपियों की धरपकड़ के लिए सीआईए की टीम ने घटनास्थल से लेकर पंजाब तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। फुटेज में वारदात में इस्तेमाल गाड़ी का नंबर ट्रेस हो गया। इसके साथ ही टीम ने मोबाइल की लोकेशन और डंप को उठाए, जिसके बाद आरोपी पकड़े गए। कब्जे से वारदात में इस्तेमाल गाड़ी, डंडे, 38 पेटी देसी-अंग्रेजी शराब, 4 पेटी बीयर और 3 हजार रुपए बरामद हुए। आरोपी रिमांड पर हैं।
ये भी पढ़ें : आज हरियाणा के 12 जिलों में हो सकती है बारिश