Ludhiana West Bypoll Update : 11 बजे तक 21.51 प्रतिशत हुआ मतदान

0
68
Ludhiana West Bypoll Update : 11 बजे तक 21.51 प्रतिशत हुआ मतदान
Ludhiana West Bypoll Update : 11 बजे तक 21.51 प्रतिशत हुआ मतदान

शाम छह बजे तक चलेगी वोटिंग, सभी जगह शांतिपूर्वक चल रहा मतदान कार्य

Ludhiana West Bypoll Update (आज समाज), लुधियाना : लुधियाना पश्चिमी विधानसभा हलका के लिए कराए जा रहे उपचुनाव के लिए मतदान का कार्य चल रहा है। मतदान सुबह सात बजे से शुरू हो चुका है जोकि शाम 6 बजे तक चलेगा। भारतीय चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों की बात करें तो सुबह 11 बजे तक 21.51 प्रतिशत लोगों ने अपने मत का प्रयोग किया है। ज्ञात रहे कि यह विधानसभा सीट आप विधायक गुरप्रीत सिंह गोगी बस्सी के निधन के बाद खाली हो गई थी। जिसके बाद भारतीय चुनाव आयोग इस सीट पर दोबारा उपचुनाव करवा रहा है।

आज हलके का नया विधायक चुनने के लिए कुल 1.75 लाख मतदाता मतदान करेंगे। भारतीय चुनाव आयोग ने लोगों की सुविधा के लिए कुल 194 मतदान केंद्र बनाए हैं। चुनाव का परिणाम 23 जून को घोषित किया जाएगा। वहीं चुनाव आयोग ने हर मतदान केंद्र पर सेनिटाइजर व पानी की व्यवस्था की हुई है। चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके इसके लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

सुबह धीमी गति से हुई मतदान की शुरूआत

गर्मी को देखते हुए भारतीय चुनाव आयोग ने मतदान का समय सुबह 7 बजे से रखा है। मतदान ठीक सात बजे शुरू हो गया लेकिन शुरूआती घंटे में मतदान की गति धीमी रही। ज्यादा संख्या में मतदाता मतदान करने के लिए नहीं पहुंचे। सुबह नो बजे तक मतदान का आंकड़ा मात्र 8.5 प्रतिशत था लेकिन उसके बाद मतदान में तेजी आई और 11 बजे तक साढ़े 21 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। बता दें कि कुल 175469 मतदाताओं में से 90088 पुरुष, 85371 महिलाएं एवं 10 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए मॉडल व ग्रीन पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। दिव्यांगों व महिलाओं के लिए अलग पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं।

सभी पार्टियां अपनी-अपनी जीत को लेकर आश्वस्त

लुधियाना पश्चिमी सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में आप के संजीव अरोड़ा, कांग्रेस के भारत भूषण आशु, भाजपा के जीवन गुप्ता एवं शिअद के परउपकार सिंह घुम्मण के बीच मुख्य मुकाबला है। सभी पार्टियां अपनी-अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं और जीत का दावा कर रहीं हैं। अब देखना यह होगा की आज ईवीएम में बंद होने के बाद 23 जून को किस पार्टी के प्रत्याशी की किस्मत चमकेगी।

ये भी पढ़ें : Chandigarh Crime News : एसएफजे का कार्यकर्ता रेशम सिंह गिरफ्तार